By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। शुक्रवार रात जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आगामी छठ महापर्व की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि छठ लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है।
बयान के अनुसार, ‘‘प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, चंदौली, भदोही, खीरी, गाजीपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, बस्ती और कानपुर नगर सहित विभिन्न जनपदों में लाखों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ इस पर्व में सहभागी होंगे। ऐसे में सभी संबंधित जनपदों में समय रहते व्यापक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर को सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को प्रातःकाल उदय होते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलों में छठ पूजा के प्रमुख स्थलों और घाटों का पहले से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
व्रतियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटों पर जलस्तर और गहराई का आकलन कर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया जाए। मुख्यमंत्री ने प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। योगी ने राज्य सड़क परिवहन निगम को दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन कराने के निर्देश दिए, ताकि लोग अपने परिजनों के साथ छठ महापर्व मना सकें।
उन्होंने सभी प्रमुख पूजा स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पहले से पूरी तरह तैयार रहे।