GIDA में सपा सरकार खोलना चाहती थी बूचड़खाना, अब आया 17650 करोड़ का निवेश: CM Yogi

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सपा सरकार ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में औद्योगिक इकाई लगाने के बजाय बूचड़खाना खोलने का प्रयास किया था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब इस क्षेत्र ने 17,650 करोड़ रुपये मूल्य के निवेश प्रस्ताव आकर्षित किए हैं। सेक्टर सात में गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि प्रस्तावित निवेश से करीब 50,000 युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2004-05 में सपा सरकार ने वहां उद्योग लगाने के बजाय जबरदस्ती एक बूचड़खाना स्थापित करने का कुत्सित प्रयास किया था। उस समय, सांसद रहते हुए मैंने सहजनवा से कर्मचारियों के साथ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया और सपा सरकार को साफ तौर पर कहा था कि यदि विकास को सैफई ले जाया जा रहा है तो बूचड़खाना भी वहीं ले जाएं। गोरखपुर अपने विकास का ध्यान खुद रख लेगा।” उन्होंने कहा, “आज उसी गीडा में हजारों करोड़ रुपये का निवेश आ रहा है और केवल एक नहीं, बल्कि तीन डेयरी, एक सीमेंट फैक्टरी और स्टील तथा प्लास्टिक उद्योग लगने जा रहा है।” मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में 502 करोड़ रुपये मूल्य की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

उन्होंने गीडा की नई वेबसाइट भी लांच की और हथकरघा एवं कपड़ा उद्योगों को लेटर ऑफ कंफर्ट वितरित किए। इस कार्यक्रम में 17,650 करोड़ रुपये मूल्य के निवेश के लिए सहमति ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए जिससे 50,000 युवाओं के लिए रोजगार पैदा होने की संभावना है। आदित्यनाथ ने चाकभोप रिहाइशी कॉलोनी का भी शिलान्यास किया जिसे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास 463 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ वर्ष 2017 से पहले सरकारी धन का इस्तेमाल कब्रिस्तान की दीवारें खड़ी करने और गरीबों की जमीन पर अतिक्रमण करने में खर्च किया जाता था। संस्कृति विभाग का 80 से 85 प्रतिशत बजट केवल सैफई महोत्सव पर खर्च किया गया।” उन्होंने कहा, “आज ‘डबल इंजन’ की सरकार बिना भेदभाव के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विकास के कार्य कर रही है। साथ ही कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को विकसित किया गया है।” आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि प्रदेश के 4,030 से अधिक स्थलों पर बाबा साहेब, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और ज्योतिबा फुले को समर्पित प्रतिमाओं, मंदिरों और पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया गया है।

प्रमुख खबरें

Delimitation Bill पर Uddhav Thackeray का वार, बोले- बीजेपी ने पहले से तैयार कर रखी है स्क्रिप्ट

Winter में Woolen कपड़े धोते समय न करें ये गलतियां, खराब हो जाएगा Sweater का आकार

Myanmar Military Airstrikes: सेना के हवाई हमलों में 70 से अधिक की मौत, शादी समारोह स्थल पर भी गिरे बम

Delimitation Bill के विरोध में विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश, सोनिया गांधी समेत कई नेताओं ने की MK Stalin से मुलाकात