योगी ने UP में नई जनसंख्या नीति का किया ऐलान, सपा नेता ने कहा- बच्चा पैदा होने से कौन रोक सकता है

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 11, 2021

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को ‘उत्तर प्रदेश जनसंख्या नीति 2021-2030’जारी की और कहा कि बढ़ती जनसंख्या समाज में व्याप्त असमानता एवं अन्य समस्याओं की जड़ है तथा समाज की उन्नति के लिए जनसंख्‍या नियंत्रण प्राथमिक शर्त है। वहीं, समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जनसंख्या कानून पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कानून बनाना सरकार के हाथ में है लेकिन जब बच्चा पैदा होगा तो उसे कौन रोक सकता है। मुख्यमंत्री ने यहां पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर विश्व जनसंख्या दिवस’ के अवसर पर ‘उत्तर प्रदेश जनसंख्या नीति 2021-2030’जारी करने के बाद आयोजित समारोह में बढ़ती जनसंख्या की समस्या के प्रति स्वयं तथा समाज को जागरूक करने का प्रण लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के अंदर इस विषय को लेकर समय-समय पर चिंता व्यक्त की गई है कि बढ़ती जनसंख्या विकास में कहीं न कहीं बाधक हो सकती है और उसपर अनेक मंचों से पिछले चार दशकों से निरंतर चर्चा चल रही है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश राज्य विधि आयोग ‘उप्र राज्य की जनसंख्या के नियंत्रण, स्थिरीकरण और कल्याण’ विषय पर काम कर रहा है तथा इसने एक विधेयक का प्रारूप तैयार किया है। विधि आयोग ने इस विधेयक का प्रारूप अपनी वेबसाइट पर अपलोड किया है और 19 जुलाई तक जनता से इसपर राय मांगी गई है। इस विधेयक के प्रारूप के अनुसार इसमें दो से अधिक बच्चे होने पर सरकारी नौकरियों में आवेदन से लेकर स्थानीय निकायों में चुनाव लड़ने पर रोक लगाने का प्रस्ताव है और सरकारी योजनाओं का लाभ न दिए जाने का भी जिक्र है। संभल से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद डॉक्टर शफीकुर्रहमान वर्क ने सरकार की तरफ इशारा करते हुए रविवार को उत्तर प्रदेश के प्रस्तावित जनसंख्या कानून पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि कानून बनाना आपके हाथ मैं है लेकिन जब बच्चा पैदा होगा उसे कौन रोक सकता है। सपा सांसद ने संभल में पत्रकारों से कहा, ‘‘जहां तक योगी जी, मोदी जी, मोहन भागवत जी का ताल्लुक है तो इनके तो बच्चे हैं ही नहीं, इन्होंने शादी ही नहीं की है। बताओ सारे हिंदुस्तान को बच्चे पैदा करने नहीं दोगे तो कल को किसी दूसरे मुल्क से मुकाबला करने की जरूरत पड़ी तो लोग कहां से आएंगे।’’ उन्होंने कहा, इस्लाम और कुरान शरीफ में यह अल्फाज है इस दुनिया को अल्लाह ने बनाया है और जितनी रूहें अल्लाह ने पैदा की हैं, वो आनी हैं।’’ वर्क ने कहा, ‘‘चाहे कितनी रोक लगा लो, चाहे कोई कमीशन बना दो लेकिन बच्चा पैदा करने से कोई रोक नहीं सकता है। मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जिन देशों ने, जिन राज्यों ने इस दिशा में अपेक्षित प्रयास किए, उनके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। इसमें और भी प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।’’ 

प्रमुख खबरें

Bollywood Wrap Up | National Film Awards 2026 | गुजरात के केवड़िया में सजी दिग्गजों की महफिल | Anant Nag, Mammootty, Yami Gautam ने जीता अवॉर्ड

Shreyas Iyer बोले, सानो की टर्निंग पिच पर बैटिंग थी मुश्किल, Asian Games के लिए मिला अभ्यास

Donald Trump से मिलेंगे British PM Andy Burnham, UN में उठाएंगे AI और Middle East का मुद्दा

Jamui मामले पर Tejashwi Yadav का हमला, CM Samrat Choudhary से मांगा इस्तीफा