By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 31, 2019
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां एक चुनावी जनसभा में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और रालोद पर नकारात्मक राजनीतिक करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को रोकने के लिये गैर-भाजपाई दल नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि सीआरपीएफ जवानों की शहादत के परिणामस्वरूप की गयी भारतीय वायुसेना की कार्रवाई पर भी ये दल सवाल खड़े कर रहे हैं। देश और प्रदेश की जनता निश्चित तौर पर नकारात्मक राजनीति करने वाले दल एवं उनके प्रत्याशियों को सबक सिखाएगी।’’
इसे भी पढ़ें: चीन के ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ में शामिल होंगे 100 से अधिक देश, भारत करेगा बहिष्कार
उन्होंने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेकर व्यवस्था देने का संकल्प लिया था। पांच साल के दौरान देश की जो तस्वीर बदली है वह सभी देश वासियों के सामने है। परिवारवाद और जातिवाद से हटकर पहली बार काम हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने पहली बार देश में 100 स्मार्ट सिटी देने का काम किया, जिसमें 10 उत्तर प्रदेश से हैं। हालांकि प्रदेश के इन 10 शहरों में गाजियाबाद शामिल नहीं है।