संकट में दुनिया का हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन कहां जाएगा? योगी बोले- भारत उन्हें दोनो हाथ फैलाकर अपना रहा
By अंकित सिंह | Sep 24, 2021
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा बयान दिया है। योगी का यह बयान आने वाले विधासभा चुनाव से पहले काफी मायने रखता है। दरअसल, योगी ने सीएए के संदर्भ में कहा कि आज भारत कानून बनाकर दुनिया में संकट में फंसे हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन धर्म के लोगों को नागरिकता दे रहा है। ANI के मुताबिक योगी ने कहा कि अफगानिस्तान, बांग्लादेश, पाकिस्तान से जो हिंदू और सिख प्रताणित और अपमानित थे जिनको कोई देश अपना नहीं मानता था। मोदी जी ने कहा कि ये सब हमारे हैं। कानून बनाकर उन सबको भारत की नागरिकता दे दी। इसके आगे योगी ने कहा कि दुनिया का हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन कहां जाएगा। जब संकट आएगा तो उन्हें भारत की तरफ ही देखना होगा। भारत उन्हें आज दोनो हाथ फैलाकर अपना रहा है। जब कानून बना तो तमाम लोगों ने विरोध किया लेकिन कानून लागू किया गया। क्या ये पहले की सरकारें कर पातीं। हिम्मत नहीं थी। इसी कार्यक्रम में योगी ने कहा कि मैं हाल ही में एक आदमी से मिला जो अमेरिका में रहता है। मुलाकात के दौरान उन्होंने पीने से पहले एक छोटी बोतल से दो बूंद पानी में डाल दी। पूछताछ करने पर उसने कहा कि यह तुलसी का पानी है जो वह अमेरिका से लाया था। उन्होंने मुझे बताया कि तुलसी ने COVID के बाद अमेरिका में लोकप्रियता हासिल की है।