योगी बोले- अभी से 75 सीटों का लक्ष्य लेकर 2024 के लोकसभा चुनाव की भाव भूमि तैयार करनी है

By अंकित सिंह | May 29, 2022

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को अभी से 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ‘अगले चुनाव की भाव भूमि हमें अभी से तैयार करनी होगी और एक बार फ‍िर से लोकसभा की 75 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है।’ रविवार को यहां अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में पार्टी की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा की सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। योगी ने मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 2024 के चुनाव की भाव भूमि हमें अभी से तैयार करनी होगी।’’ यह बैठक प्रदेश पार्टी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी को विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम मिला है, इसलिए हमें 2024 के लिए अभी से आगे बढ़ना होगा।’’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में एक बार फ‍िर से हमें साबित करना है, इसलिए 75 लोकसभा सीटों का लक्ष्य लेकर अभी से आगे बढ़े। योगी ने भरोसा जताया कि वह आप सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से एक बार फ‍िर से यह साकार होगा और यह कार्यसमिति उस विश्वास के साथ आगे बढ़ेगी। 

इसे भी पढ़ें: आजमगढ़ में लोकसभा उपचुनाव लड़ेगी बसपा, रामपुर में उम्मीदवार नहीं उतारेगी

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं जिसमें वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने 71 और सहयोगी अपना दल ने दो सीटें जीती थीं जबकि 2019 के चुनाव में भाजपा को 62 और सहयोगी अपना दल (एस) को दो सीटें मिली थीं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए योगी ने कहा कि हम सबका संकल्प होना चाहिए कि छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता। उन्‍होंने कहा कि अटल जी ने कहा था , ‘‘ हमें केंद्र और प्रदेश की उपलब्धियों को लेकर गांव-गांव, घर-घर जाना होगा और विराटता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अग्रसर होना होगा।’’ ईद के दौरान धर्म स्थलों से लाउडस्पीकर उतारे जाने और सड़कों पर नमाज न होने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा , ‘‘ यह पहली बार हुआ कि सड़कों पर नमाज नहीं होगी, नमाज के लिए उनकी इबादतगाह हैं, मस्जिद है, वहीं उनके मजहबी कार्यक्रम हो पाएंगे। आपने देखा होगा जो अनावश्यक शोरगुल था उस शोरगुल से कैसे मुक्ति मिली।’’ उन्‍होंने दावा किया कि नये भारत का नया उत्तर प्रदेश तैयार है जो मजबूती के साथ देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत है। योगी ने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण की शुरुआत के बाद काशी ने जो अंगड़ाई ली है वह हम सबके सामने है। काशी में काशी विश्‍वनाथ धाम का उद्घाटन होने के बाद प्रतिदिन एक लाख श्रद्धालु काशी विश्‍वनाथ धाम के दर्शन के लिए काशी जा रहे है। उन्होंने कहा कि काशी प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप अपने नाम को सार्थक कर रहा है और मथुरा वृंदावन, विंध्यवासिनी धाम, नैमिष धाम सभी तीर्थ एक बार फ‍िर से नई अंगड़ाई लेते हुए दिखाई दे रहे हैं और इन स्थितियों में हम सबको एक बार फ‍िर आगे बढ़ना होगा। 

प्रमुख खबरें

इतिहास आपको बेहतर नजरिए से देखेगा, Ajit Agarkar के इस्तीफे पर Gautam Gambhir का आलोचकों को करारा जवाब, लिखा इमोशनल पोस्ट

बेहतरीन नेतृत्व, विष्णु अवतार...प्रधानमंत्री मोदी की 25 साल की जनसेवा पर दुनियाभर के नेताओं ने क्या-क्या कहा?

Black Sea में मालवाहक जहाज पर हमले के बाद सुरक्षित निकाले गए 3 भारतीय नागरिक

2 महीने, 3 सरप्राइज एलीमेंट: बीजेपी हैरान, पुलिस परेशान, क्या है राहुल गांधी की धप्पा पॉलिटिक्स!