योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 05, 2023

 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सात जुलाई को वाराणसी और गोरखपुर के दौरे के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी तैयारी समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिये। योगी ने अगले दो दिनों तक ‘प्लास्टिक मुक्त काशी’ अभियान चलाने के भी निर्देश दिये। मंगलवार को जारी एक सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मौके पर कोई कमी न रहने पाये। उन्होंने संभावित बरसात के दृष्टिगत समुचित तैयारी किये जाने पर विशेष बल दिया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गोवंश एवं आवारा पशु सड़कों पर छुट्टा घूमते न दिखाई दें।

उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए और आगामी दो दिवस तक ‘प्लास्टिक मुक्त काशी’ का अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, विकास प्राधिकरण व एनएएचआई के अभियन्ताओं को निर्देशित किया कि सभी सड़कों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के साथ ही, श्रावण मास के दौरान वाराणसी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने हेतु विद्युत विभाग के अभियन्ताओं को निर्देश दिए। बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने जी-20 समूह के कार्यक्रम के दौरान शहर में की गयी विद्युत सजावट की भांति ही प्रधानमंत्री के आगमन पर विद्युत सजावट कराए जाने के निर्देश दिए।

उधर गोरखपुर में प्रधानमंत्री मोदी सात जुलाई को ही गीता प्रेस शताब्दी वर्ष समापन समारोह में शामिल होंगे और गोरखपुर से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। योगी ने मंगलवार को गोरखपुर में भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मोदी द्वारा गोरखपुर के विकास के लिए किए गए योगदान की चर्चा की। उन्होंनेकहा कि गोरखपुर के लोगों को प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देने का सुनहरा मौका मिला है क्योंकि वह सात जुलाई को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने और गोरखपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर स्थित गीता प्रेस को 2021-22 गांधी शांति पुरस्कार पाने का गौरव प्राप्त हुआ है। योगी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत करना हमारी जिम्मेदारी है।’’ उन्होंने पांच और छह जुलाई को विशेष सफाई अभियान चलाने की अपील करते हुए कहा कि कहीं कूड़ा और गंदगी नहीं दिखनी चाहिए।

प्रमुख खबरें

कलकत्ता High Court के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी, Mamata Banerjee के खिलाफ Kolkata में FIR दर्ज

Monsoon Cleaning Tips: बारिश में चिपचिपे फर्श से हैं परेशान? अपनाएं ये Household Hacks और पाएं राहत

मंत्री पद से हटाने की तैयारी पर भड़के Jual Oram, Union Tribal Affairs Minister के आरोप से Odisha BJP में मचा हड़कंप!

Asim Munir ने Wah स्थित रक्षा परिसर POF का किया दौरा, उत्पादन क्षमताओं की समीक्षा की