By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 23, 2017
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सत्ता के विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है। सरकार सीधे ग्राम पंचायत और नगर निकायों को विकास के लिए धन मुहैया करा रही है, इसलिए निकायों में अच्छे लोगों का होना जरूरी है। योगी ने जनता से भाजपा को पूर्ण बहुमत से जीत दिलाने की अपील की और कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत से आएगी तो ही निकायों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि दीपावली में अयोध्या की जगमगाहट तो सभी ने देखी है उसी तरह की जगमगाहट प्रदेश सरकार निकायों में एलर्इडी लगाकर करेगी। उन्होंने कहा की 2022 तक हर गरीब के सिर पर छत होगी, इसके लिए प्रदेश में 11 लाख परिवारों को छत देने का लक्ष्य रखा गया है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पटरी व्यवसायियों के लिए आज तक किसी सरकार ने कुछ नहीं किया है, लेकिन भाजपा सरकार इस बात को लेकर संकल्पित है कि सड़कों व पटरियों पर से अतिक्रमण भी हटेगा और पटरी व्यवसायियों के लिए अलग स्ट्रीट वेंडिंग जोन भी विकसित किया जायेगा।