सपा पर योगी का तंज, कहा- पहले राम भक्तों पर गोलियां चलाते थे, अब बजरंगबली का गदा लेकर घूम रहे

By अंकित सिंह | Feb 25, 2022

उत्तर प्रदेश में चार चरणों के चुनाव के बाद भी राजनीतिक हलचल तेज है। 7 चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगातार जारी है। इन सबके बीच योगी आदित्यनाथ ने चुनावी प्रचार के दौरान अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे ज़्यादा परिवर्तन और क्या हो सकता है कि जो लोग पहले जेब में तमंचा रखकर राम भक्तों पर गोलियां चलाते थे, अब वे भी बजरंगबली का गदा लेकर घूम रहे हैं। सुल्तानपुर में योगी ने कहा कि अब तक 4 चरणों में हुए मतदान के रुझान बताते हैं कि विपक्ष के तमाम नेताओं ने अभी से विदेश भागने के लिए अपने टिकट 11 तारीख के लिए बुक करा दिए हैं। इसके साथ ही योगी ने बसपा पर तंज कसते हुए कहा कि हाथी का पेट इतना बड़ा है कि पूरे राज्य का राशन खा गया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले राशन SP के गुर्गों के पास चला जाता था और हाथी का पेट तो इतना बड़ा है कि पूरे प्रदेश का राशन उसमें समा जाएगा। ग़रीब देखता रह जाता था। हमने तय किया है कि होली, दीपावली में उज्जवला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त में रसोई गैस उपलब्ध कराएंगे। योगी ने कहा कि 2017 के पहले क्या लोगों को बिजली मिलती थी? आज तो मिलती है। 2017 के पहले तो बिजली की भी जाति और मजहब हुआ करता था। ईद और मोहर्रम पर बिजली आती थी लेकिन होली और दीवाली पर बिजली गुल रहती थी। 

प्रमुख खबरें

Nandigram Bypoll में Mamata Banerjee ने Congress उम्मीदवार को दिया समर्थन

Matoshree के बाहर Disha Salian के पिता सतीश सालियन का हाई-वोल्टेज ड्रामा

Crude Oil की कीमतें और पश्चिम एशिया तनाव तय करेंगे Share Market की चाल

GOBARdhan योजना शुरू: CBG उत्पादकों को 10 साल तक मिलेगा तय मूल्य और खरीद गारंटी