By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 31, 2022
योट्टा इंफ्रास्ट्रक्चर उत्तर प्रदेश में अगले 5-7 वर्षों के दौरान डेटा सेंटर कारोबार में 39,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। हीरानंदानी समूह की फर्म ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। योट्टा इंफ्रास्ट्रक्चर के सह-संस्थापक और चेयरमैन दर्शन हीरानंदानी ने योट्टा डी1 डेटा सेंटर की शुरुआत के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में पत्रकारों से कहा कि यह निवेश डेटा सेंटर परिसर के निर्माण, आईटी उपकरणों और अन्य हार्डवेयर को खरीदने के लिए किया जाएगा।
कंपनी ने ग्रेटर नोएडा स्थित अपने डेटा सेंटर पार्क में लगभग 1,500 करोड़ रुपये के निवेश के साथ योट्टा डी1 की स्थापना की है। इसके अलावा अगले दो डेटा सेंटर भवनों - योट्टा डी2 और डी3 का शिलान्यास किया गया है। कंपनी योट्टा डी1 में आईटी उपकरणों के लिए 5,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी।