इंडिया गेट पर युवक ने चाकू से फोटोग्राफर को किया घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 07, 2024

नयी दिल्ली। इंडिया गेट पर एक फोटोग्राफर मंगलवार दोपहर चाकू से किए गए हमले में घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घायल की पहचान नेपाल सिंह (28) के रुप में हुई है और उसकी गर्दन एवं उंगलियों में जख्म हैं। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान श्रीमल्ला योहान (27) के रूप में हुई है, जो तेलंगाना से दिल्ली घूमने आया था। अधिकारी ने कहा इंडिया गेट पर योहान और सिंह के बीच किसी मुद्दे पर बहस हो गई, जिसके बाद योहान ने सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। 


सिंह ने पुलिस को बताया कि योहान उससे नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन का रास्ता जानना चाहता था। अधिकारी ने कहा, जब उसने (पीड़ित) रास्ते के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही तो योहान ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि सिंह को अन्य फोटोग्राफर द्वारा अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने कहा कि उसकी गर्दन और उंगलियों में टांके लगे हैं। घटना के वक्त योहान अकेला था। 


पुलिस ने कहा कि अन्य फोटोग्राफरों और लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार योहान हैदराबाद का रहने वाला है और वह पहले से ही तेलंगाना में हत्या के प्रयास के एक मामले का सामना कर रहा है और पिछले महीने ही जेल से रिहा हुआ था। अधिकारी ने बताया कि योहान के खिलाफ कर्तव्य पथ थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

प्रमुख खबरें

सेंसेक्स-निफ्टी में मामूली उतार-चढ़ाव, IT कंपनियों में बिकवाली का दौर, बाज़ार की अगली चाल पर निवेशकों की नज़र

Vijay Hazare Trophy: विराट-रोहित की वापसी, पर फैंस लाइव मैच से वंचित, बिना दर्शकों के होगा खेल

भारत की महिला टीम का दबदबा बरकरार, श्रीलंका को दूसरे टी20 में भी आसानी से हराया

अरावली में कोई माइनिंग लीज नहीं दी जाएगी, विवाद के बीच केंद्र का स्पष्टीकरण, संरक्षित क्षेत्र का किया जाएगा विस्तार