By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 22, 2026
शतरंज की दुनिया में एक बार फिर भारत की नजरें विश्व चैंपियनशिप पर टिकी हैं। भारत के युवा ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश अपने विश्व खिताब को बचाने के लिए उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ उतरेंगे। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला 22 नवंबर से 12 दिसंबर तक स्विट्जरलैंड के जिनेवा में खेला जाएगा। खास बात यह है कि जब 24 नवंबर को पहला मुकाबला शुरू होगा, तब दोनों खिलाड़ियों की उम्र 20 साल होगी। इस तरह यह शतरंज विश्व चैंपियनशिप के इतिहास का सबसे युवा खिताबी मुकाबला बन जाएगा।
यह मुकाबला जिनेवा के बाहरी इलाके कोलोनी स्थित फोंडेशन मार्टिन बोडमर में आयोजित होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अधिकतम 14 क्लासिकल मुकाबले खेले जाएंगे। जो खिलाड़ी सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, उसे विश्व चैंपियन घोषित कर दिया जाएगा। जीत पर 1 अंक, ड्रॉ पर आधा अंक और हार पर कोई अंक नहीं मिलेगा। टूर्नामेंट का आधिकारिक कार्यक्रम 22 नवंबर को मीडिया कार्यक्रम और उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा। पहला मुकाबला 24 नवंबर को खेला जाएगा, जबकि 14वां और आखिरी मुकाबला 11 दिसंबर को तय है।
खिलाड़ियों को शुरुआती 40 चालों के लिए 120 मिनट मिलेंगे। इसके बाद बाकी मुकाबले के लिए 30 मिनट दिए जाएंगे। 41वीं चाल से हर चाल के बाद 30 सेकंड का अतिरिक्त समय भी जोड़ा जाएगा। मुकाबले की पहली 40 चालों से पहले ड्रॉ का प्रस्ताव नहीं दिया जा सकेगा। अगर 14 मुकाबलों के बाद स्कोर 7-7 से बराबर रहता है तो 12 दिसंबर को टाईब्रेकर के जरिए विजेता का फैसला होगा। इसकी शुरुआत 4 रैपिड मुकाबलों से होगी।
बता दें कि इस विश्व चैंपियनशिप की कुल इनामी राशि 2.5 मिलियन डॉलर रखी गई है। दोनों खिलाड़ियों को हर जीते हुए मुकाबले के लिए 200,000 डॉलर मिलेंगे। बाकी रकम दोनों के बीच बराबर बांटी जाएगी।
गुकेश ने दिसंबर 2024 में सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर इतिहास रचा था। उस समय उनकी उम्र महज 18 साल थी और वह निर्विवाद विश्व चैंपियन बनने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए थे। जिनेवा में वह पहली बार अपने खिताब का बचाव करेंगे। दूसरी ओर, जावोखिर सिंदारोव ने 2025 में फिडे विश्व कप जीता और फिर 2026 में साइप्रस में आयोजित कैंडिडेट्स टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में वह एक भी मुकाबला नहीं हारे और 14 खेलों में 10 अंक हासिल किए। अगर वह गुकेश को हरा देते हैं तो उज्बेकिस्तान के पहले निर्विवाद विश्व चैंपियन बन जाएंगे। हालांकि, उनके देश के रुस्तम कासिमजानोव 2004 में फिडे का विश्व खिताब जीत चुके हैं, जब शतरंज में 2 अलग-अलग विश्व खिताब हुआ करते थे।
मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, क्लासिकल शतरंज में सिंदारोव का गुकेश के खिलाफ रिकॉर्ड बेहतर है। दोनों के बीच अब तक हुए मुकाबलों में सिंदारोव 2-0 से आगे हैं, जबकि 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। गुकेश अब तक उन्हें क्लासिकल मुकाबले में हरा नहीं सके हैं।
गौरतलब है कि 1886 में विल्हेम स्टीनिट्ज पहले मान्यता प्राप्त विश्व चैंपियन बने थे। इसके बाद 140 साल के इतिहास में 21 खिलाड़ियों ने यह खिताब जीता है। शुरुआती दौर में यूरोपीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। जर्मनी के इमानुएल लास्कर ने 1894 से 1921 तक लगातार 27 साल विश्व चैंपियन बने रहने का रिकॉर्ड बनाया। दूसरे विश्व युद्ध के बाद सोवियत संघ के खिलाड़ियों का दबदबा रहा और 1948 से 1972 तक हर चैंपियन वहीं से आया।
1972 में अमेरिकी खिलाड़ी बॉबी फिशर ने बोरिस स्पास्की को हराकर इस सिलसिले को तोड़ा। इसके बाद अनातोली कार्पोव और गैरी कास्पारोव का दौर आया। 1993 में कास्पारोव ने फिडे से अलग होकर अपना संगठन बनाया, जिसके चलते 2 अलग-अलग विश्व खिताब हो गए। 2006 में दोनों खिताब फिर एक हुए। इसके बाद विश्व चैंपियन का ताज विश्वनाथन आनंद, मैग्नस कार्लसन, डिंग लिरेन और फिर गुकेश के पास पहुंचा। अब जिनेवा में तय होगा कि गुकेश अपना खिताब बचाते हैं या सिंदारोव उज्बेकिस्तान को नया इतिहास बनाने का मौका देते हैं।