By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 28, 2023
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के मंत्रियों के एक समूह ने प्रदेश में हाल में हुए एमएलसी चुनावों में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के पक्ष में कथित रूप से मतदान करने के लिए अपनी पार्टी की एक विधायक के खिलाफ तीखा हमला किया। हालांकि, वाईएसआरसीपी की निलंबित विधायक उन्दावल्ली श्रीदेवी ने आरोप को खारिज किया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री नारायण स्वामी, गृह मंत्री तनेती वनिता, नगर मंत्री ए. सुरेश, , उद्योग मंत्री गुडिवाड़ा अमरनाथ और पर्यटन मंत्री रोजा ने विधायक श्रीदेवी की आलोचना की।
वाईएसआर कांग्रेस ने हाल में संपन्न एमएलसी चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ के लिए पार्टी के चार विधायकों को शुक्रवार को निलंबित कर दिया था। निलंबित विधायकों में ए. रामनारायण रेड्डी, उन्दावल्ली श्रीदेवी, मेकापति चंद्रशेखर रेड्डी और कोटम श्रीधर रेड्डी शामिल हैं। इस बीच, श्रीदेवी ने पति के. श्रीधर और बेटी के साथ इन आरोपों को खारिज करते हुए कुछ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने ‘क्रॉस-वोटिंग’ के लिए रिश्वत लेने से इनकार किया और सवाल उठाया कि क्या कोई एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए करोड़ों रुपये की पेशकश करेगा।