Zamboanga, Philippines में छात्र ने सहपाठी को गोली मारी, खुद की भी जान ली

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 18, 2026

दक्षिणी फिलीपीन में एक विश्वविद्यालय परिसर के अंदर बने माध्यमिक स्कूल में दो बंदूकें लेकर पहुंचे छात्र ने अपने ही एक सहपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद स्कूल से सैकड़ों छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

इसके बाद उसने अपने ही एक सहपाठी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। फिर उसने खुद को भी गोली मार ली। गोलीबारी की आवाज सुनाई देने के बाद सैकड़ों छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

यह घटना माध्यमिक स्कूल की इमारत में हुई। संबंधित परिसर बंदरगाह शहर जाम्बोआंगा में स्थित कैथोलिक विश्वविद्यालय के उस बड़े परिसर से अलग है जहां उसके महाविद्यालय और व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित होते हैं। गोलीबारी के कुछ घंटों बाद पुलिस ने कहा कि हालात काबू में हैं।

इसने छात्रों के माता-पिता और अभिभावकों से शांत रहने तथा बच्चों को ले जाने के लिए स्कूल की सलाह और निर्देशों का पालन करने को कहा। पुलिस प्रमुख जोस मेलेंसियो नार्टाटेज जूनियर ने कहा, ‘‘अधिकारी फिलहाल घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि पुलिस जरूरत के मुताबिक सत्यापित जानकारी उपलब्ध कराएगी और लोगों से अपुष्ट खबरें, तस्वीरें या वीडियो साझा करने से बचने की अपील की जिनसे बेवजह चिंता पैदा हो सकती है।’’ नार्टाटेज ने कहा, ‘‘हम स्कूल प्रशासन, माता-पिता, अभिभावकों और समुदाय का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने अधिकारियों की जांच के दौरान धैर्य, सहयोग और समझदारी का परिचय दिया।’’ गोलीबारी की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पुलिस ने भरोसा दिलाया था कि देश भर के स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। इससे पहले जून में सेंट्रल टैकलोबन शहर में हुई गोलीबारी में माध्यमिक स्कूल के तीन छात्रों की मौत हो गई थी और कम से कम 20 लोग घायल हो गए थे।

पुलिस ने उस गोलीबारी को अंजाम देने के आरोप में 14 और 15 साल के दो छात्रों को गिरफ्तार किया था। फिलीपीन में बंदूक के इस्तेमाल से जुड़े अपराध की घटनाएं आम हैं। इसकी एक वजह बिना लाइसेंस वाले हथियारों की बढ़ती संख्या है, हालांकि स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं अपेक्षाकृत कम होती हैं।

फिलीपीन में हुई यह गोलीबारी थाईलैंड में एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना के दो सप्ताह से भी कम समय बाद हुई है। बैंकॉक के पास नोंथाबुरी प्रांत में 14 साल के लड़के द्वारा अपने दादा-दादी, स्कूल के पांच कर्मचारियों और 12 साल की लड़की की हत्या किए जाने की घटना के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में बंदूकों पर नियंत्रण कड़ा करने के लिए कदम उठाए हैं। एशिया में थाईलैंड में बंदूक रखने की दर पाकिस्तान के बाद दूसरे स्थान पर है और यह उसके दक्षिण-पूर्व एशियाई पड़ोसी देशों की तुलना में काफी अधिक है।

प्रमुख खबरें

PM Modi ने लद्दाख को दी 3350 करोड़ की सौगात, नए टर्मिनल का उद्घाटन

Joint Pain Causes: मौसम बदलते ही घुटने-कंधे में होने लगता है दर्द? डॉक्टर ने बताया कारण

Asian Champions Trophy की तैयारी में जुटे Abhishek Nain, LA Olympics 2028 पर टिकी नजरें

ट्रम्प की सेना हटाने की कोशिशों के बीच, अमेरिका ईरान के खिलाफ मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स के इस्तेमाल पर विचार कर रहा