राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 12वां राज्य स्तरीय समारोह आयोजित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 25, 2022

 चंडीगढ़।  मुख्य सचिव  संजीव कौशल ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव संपन्न करवाना बेहद पवित्र काम है। इसमें पूरे देश की मशीनरी के साथ-साथ भारतीय चुनाव आयोग एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारतीय चुनाव आयोग के स्थापना दिवस पर ही देश में 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। मुख्य सचिव मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस के 12वें राज्य स्तरीय समारोह में बोल रहे थे।

मुख्य सचिव ने कहा कि 2011 से हम राष्ट्रीय मतदाता दिवस मना रहे हैं। इस दिन प्रदेश के हर जिले में भिन्न-भिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बेहद खुशी की बात है कि हरियाणा में 1.92 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड हो गए हैं। इन सभी के फोटो आधारित पहचान पत्र दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को 18 वर्ष की आयु पूरा करते ही अपना वोट बनवाना चाहिए। इसके साथ-साथ मतदाता सूचियों में भी अपना नाम दर्ज करवाना चाहिए। मतदान के दिन सोच-समझकर अपना वोट डालना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: हरियाणा पुलिस के 14 अधिकारी पुलिस पदक से अलंकृत

संजीव कौशल ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग लगातार देश में निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवा रहा है। इसी तरह हरियाणा में भी पिछले दिनों दो उपचुनाव करवाए गए। हमें चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और निष्पक्ष रूप से मतदान करके जनप्रतिनिधियों को चुनना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी युवाओं व वर्चुअली जुड़े अधिकारियों को लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष व बिना किसी प्रलोभन के मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई।

इसे भी पढ़ें: जल्द रोजगार के लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाएं युवा - डिप्टी सीएम

राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने मतदान जागरूकता से जुड़ी 3 श्रेणी की प्रतियोगिता में विजेता 12 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कॉलेज स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में विजेता राजकीय महिला महाविद्यालय, अम्बाला सिटी की योगिता को 5 हजार, राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम की शालू को 2 हजार, गुरुग्राम यूनिवर्सिटी की दिव्या चतुर्वेदी को 2 हजार और आईबी कॉलेज के हिमांशु को 2 हजार रुपये का ईनाम व सर्टिफिकेट दिया गया।

इसी तरह स्कूल स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में विजेता टीआईटी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी की चिंकी को 5 हजार, जीएसएसएस प्रेम नगर, अम्बाला के चिराग शर्मा को 4 हजार, टीआईटी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी के राकेश कश्यप को 1 हजार और जीएसएसएस बिजलपुर, फतेहाबाद को 1 हजार रुपये का ईनाम व सर्टिफिकेट दिया।

कॉलेज स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम की दीक्षा वर्मा को 8 हजार, वैश्य कॉलेज रोहतक के दिव्यदत्त को 6 हजार, गुरुनानक खालसा कॉलेज, करनाल के नितिश कुमार को 2500 और अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़, फरीदाबाद की रीना चौधरी को 2500 रुपये का ईनाम व सर्टिफिकेट दिया गया। इनके साथ-साथ मुख्य सचिव ने 18 वर्ष पूर्ण करने पर पहली बार मतदाता सूची में जुड़े 5 युवाओं को मतदाता पहचान पत्र भी दिए।

भारतीय लोकतंत्र की जान चुनाव आयोगः अनुराग अग्रवाल

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अनुराग अग्रवाल ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग भारतीय लोकतंत्र की जान है। चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव आयोजित करवाती है। संपूर्ण निष्पक्षता के साथ पूरे भारतवर्ष में चुनाव होता है और बड़ी संख्या में मतदाता अपने वोट की शक्ति दिखाते हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस पर देशभर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इस दिवस पर चुनाव आयोग का एक ही नारा है कि निर्वाचन को समावेशी, सुगम और सहभागी बनाना है। श्री अग्रवाल ने इस मौके पर मतदाता पहचान पत्र पाने वाले 5 युवाओं व अलग-अलग प्रतियोगिता में विजेता युवाओं को बधाई दी। कार्यक्रम में मौजूद अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमति हेमा शर्मा ने सभी अतिथिगणों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान सभी जिलों के उपायुक्त, चुनाव तहसीलदार, नायब तहसीलदार व चुनाव मशीनरी से जुड़े सभी अधिकारी वर्चुअली बैठक में जुड़े।  

प्रमुख खबरें

Punjab and Haryana High Court ने दी अनुमति, मानसा के पैतृक गांव में होगा दलजीत का अंतिम संस्कार

Delhi Drugs Control Department ने 569 निरीक्षणों में पकड़े 272 उल्लंघन, नकली दवाएं पकड़ीं

Election Commission का फैसला: SIR मसौदे से छूटे दिल्ली के वोटर बिना कानूनी कार्रवाई के भरें Form 6

Odisha Flood Relief: चक्रवात प्रभावित परिवारों को मिलेंगे 107.7 करोड़ रुपये