By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026
भुवनेश्वर, चार नवंबर ओडिशा सरकार ने गंजाम और कोरापुट जिलों में चक्रवात अर्नब और उसके बाद आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को नकद सहायता देने के लिए, राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) से 107.7 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की घोषणा के अनुसार, विशेष राहत आयुक्त ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 2,500 रुपये देने के लिए धनराशि जारी कर दी है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मंजूर की गई राशि संबंधित जिलाधिकारियों को सौंप दी गई है, ताकि वे तय नियमों के अनुसार पात्र परिवारों को जल्द से जल्द इसका वितरण कर सकें। इस बीच, आठ सदस्यीय केंद्रीय टीम ने गंजाम और गजपति जिलों में चक्रवात से हुए नुकसान का जायजा लिया है।