By रेनू तिवारी | Mar 29, 2025
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में 16 नक्सली मारे गये और दो जवान घायल हो गये हैं।
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में हो रही है। उन्होंने बताया कि केरलापाल थाना क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर शुक्रवार को सुकमा जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रूक-रूक कर मुठभेड़ हो रही है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षाबलों का खोजी अभियान जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, सुकमा पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत केरलपाल इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया गया था। संयुक्त टीम 28 मार्च को तलाशी अभियान के लिए निकली थी और आज (29 मार्च) सुबह से ही रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।
सुरक्षा बल फिलहाल मुठभेड़ स्थल और आसपास के जंगली इलाकों की गहन तलाशी कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि चल रहे ऑपरेशन के पूरा होने के बाद विस्तृत बयान जारी किया जाएगा। सुकमा छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सबसे बुरी तरह प्रभावित जिलों में से एक है, जिसने पहले भी कई नक्सली हमले देखे हैं। इससे पहले शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के फटने से एक जवान घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।