By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 10, 2021
नयी दिल्ली। वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को बताया कि सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सभी उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिए कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 17.56 करोड़ खुराक दी हैं और अगले तीन दिन में उन्हें 46 लाख खुराकों की आपूर्ति की जायेंगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे मौजूदा टीकों की अलग-अलग दर प्रणाली के बजाए सभी नागरिकों के मुफ्त टीकाकरण के लिए केंद्रीय बजट से 35,000 करोड़ रुपये आवंटित करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद ठाकुर की यह टिप्पणी आयी है।
उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री से यह भी अनुरोध किया कि कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए एक समग्र खाका तैयार करने को लेकर तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाई जाये। ठाकुर ने राज्यों में टीकों की कमी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदशों के पास अब भी 72 लाख टीके उपलब्ध हैं। टीकों की और आपूर्ति के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘स्पूतनिक वी टीकों की 1.5 लाख खुराक पहले ही भारत पहुंच चुकी हैं और इसके अधिक मात्रा में निर्माण के लिए आरडीआईएफ ने स्थानीय भारतीय कंपनियों के साथ हाथ मिलाया है।’’ मंत्री ने कई ट्वीट कर दवाओं एवं तरल चिकित्सकीय ऑक्सीजन की आपूर्ति, अधिक से अधिक बिस्तर उपलब्ध कराने और महामारी से निपटने के लिए विदेशों से मिल रही मदद को विभिन्न राज्यों में वितरित करने के लिए सरकार द्वारा उठाये जा रहे कदमों को रेखांकित किया।