दिल्ली में कोविड-19 के 24,375 नए मामले, 167 और लोगों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 18, 2021

नयी दिल्ली। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19के 24,375 नए मामले सामने आए, जो राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के मामलों की अब तक की सर्वाधिक दैनिक संख्या है। इसके साथ ही 167 लोगों की बीमारी के कारण मौत हो गई। दिल्ली में संक्रमण दर भी 24.56 प्रतिशत हो गई जिसका मतलब है कि हर चार नमूनों में से एक व्यक्ति संक्रमित निकला है। एक दिन पहले महानगर में कोविड-19 के 19,486 मामले सामने आए थे और 141 लोगों की मौत हुई थी।

इसे भी पढ़ें: ओडिशा के 10 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन, बाकी सभी शहरों में रात का कर्फ्यू जारी

नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, इन नए मामलों के साथ, राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 8,27,998 हो गए हैं। मरने वालों की संख्या 11,960 हो गई है। इसमें कहा गया कि अब तक दिल्ली में 7.46 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। बुलेटिन में कहा गया कि शहर में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 61,005 से बढ़कर 69,799 हो गई है। घर में पृथक-वास में रह रहे लोगों की संख्या शुक्रवार के 29,705 से बढ़कर 32,156 हो गई, जबकि निरुद्ध क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 11,235 तक पहुंच गई।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली हवाई अड्डे के पास DRDO का कोविड अस्पताल खुला, ऑक्सीजन सिलेंडर सहित 500 ICU बेड की व्यवस्था

कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बीच, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति ‘‘काफी गंभीर एवं चिंताजनक’’ हो गई है और रोगियों के लिए ऑक्सीजन, रेमडेसिविर तथा टोसीलीजुमैब की आपूर्ति में कमी हो गई है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और पिछले 24 घंटे में 24 हजार नए मामले आए हैं। केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में करीब 24 हजार नए मामले सामने आए हैं। एक दिन के अंदर संक्रमितों की संख्या 19,500 से बढ़कर करीब 24 हजार हो गई है। इसलिए स्थिति काफी गंभीर एवं चिंताजनक है।’’

केजरीवाल ने कहा कि बिस्तरों की संख्या भी कम पड़ती जा रही है और दिल्ली सरकार इन्हें बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य ऑक्सीजन युक्त बिस्तरों की संख्या बढ़ाना है।’’ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ अंबेडकर नगर अस्पताल का दौरा किया। सिसोदिया ने ट्वीट किया, अंबेडकर नगर अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े और चिकित्सा सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

प्रमुख खबरें

Farrukhabad पुलिस अधिकारी पर FIR का Allahabad High Court ने दिया आदेश

Rahul Gandhi की दिल्ली रैली में न पहुंचने पर MP Youth Congress के 60 पदाधिकारी निलंबित

संविधान निरंतर जिम्मेदारी, इसके आदर्शों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना कर्तव्य: CJI Surya Kant

Illinois में चुनाव जीतीं Saba Haider बोलीं, गाजियाबाद में मिले संस्कारों से मिली जनसेवा की सीख