J&K पुलिस महानिरीक्षण का दावा, दक्षिण कश्मीर में सक्रिय हैं 29 विदेशी आतंकी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 27, 2020

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस ने शनिवार को कहा कि दक्षिण कश्मीर में 29 विदेशी आतंकी सक्रिय हैं लेकिन सुरक्षा बल उनसे निपटने और पूरे दक्षिण कश्मीर से आतंकवाद का सफाया करने का पर्याप्त अनुभव रखते हैं। पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), कश्मीर, विजय कुमार ने कहा, ‘‘कोकेरनाग, त्राल और ख्रियू के ऊपरी इलाकों में विदेशी आतंकियों की मौजूदगी है। दक्षिण कश्मीर में करीब 29 विदेशी आतंकी सक्रिय हैं और जब वे नीचे आएंगे और हमारे सूत्र हमें (उनके बारे में) सूचित करेंगे तो हम उन्हें मार गिराएंगे।’’ वह शुक्रवार को अनंतनाग जिले के बिजबेहारा इलाके में एक आतंकी हमले में मारे गए सीआरपीएफ के एक जवान के श्रद्धांजलि समारोह से इतर संवाददाताओं से बात कर रहे थे। 

कुमार ने कहा कि दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों की संख्या उत्तर कश्मीर के मुकाबले ज्यादा है लेकिन सुरक्षा बलों ने उत्तर कश्मीर में भी आतंकवाद रोधी अभियान शुरू कर दिये हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन दक्षिण में आतंकवादी बचे हुए हैं और हमारी प्राथमिकता उनसे निपटना है।’’ उत्तर कश्मीर में हाल ही में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं और वहां आतंकियों की स्थिति अधिक मजबूत होने की आशंका के सवाल पर पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की धारणा है कि उत्तर में आतंकवादी अधिक मजबूत हैं क्योंकि मई के पहले सप्ताह में हमारी तरफ बहुत नुकसान हुआ, लेकिन ऐसी बात नहीं है। उत्तर कश्मीर में कम संख्या में आतंकी हैं लेकिन हम उन्हें जल्द मार गिराएंगे।’’ 

इसे भी पढ़ें: कश्मीर में बड़े आतंकवादी समूह का भंडाफोड़, लश्कर से जुड़े पांच आतंकवादी गिरफ्तार 

कुमार ने कहा कि सुरक्षा बलों ने पुलवामा जिले के त्राल इलाके से हिज्बुल मुजाहिदीन का सफाया करके बड़ी सफलता अर्जित की है और पूरे दक्षिण कश्मीर से आतकवाद को समाप्त करने का मकसद है। उन्होंने कहा, ‘‘त्राल को सोपोर और शोपियां के साथ 1989 से आतंकवादियों के केंद्र के रूप में जाना जाता है। त्राल एक दुर्गम भूभाग है और वहां हमेशा से आतंकी रहे हैं। हिज्बुल एक पुराना संगठन है जो हर संगठन को शरण देता है। त्राल इलाके से हिज्बुल का सफाया करना सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता की बात है और हमारा प्रयास पूरे दक्षिण कश्मीर से आतंकवाद के सफाये का होगा।’’

जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या सुरक्षा बल हिज्बुल आतंकियों को चुन-चुन कर मार रहे हैं तो आईजीपी ने कहा कि बल चुनिंदा तरीके से आतंकियों पर कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने कहा, ‘‘जब हमें सूचना मिलती है तो हम अभियान शुरू करते हैं और जो भी आतंकवादी हो, हम उसे मार गिराते हैं।’’ बिजबेहारा में शुक्रवार को हुए हमले के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि उन्होंने हमलावर की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप