By अभिनय आकाश | Mar 30, 2022
दिल्ली में एक तरफ सूरज ने अपना तापमान बढञा दिया है और गर्मी व लू का अहसास मार्च के महीने से ही लोगों को होने लगा है। लेकिन इसकी जलती-चुभती गर्मी के मौसम में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। दिल्ली में बिजली संकट पैदा हो सकता है। एक तरफ जहां दिल्ली सरकार की तरफ से अधिक बिजली आवंटन की मांग की जा रही है। वहीं केंद्र ने बुधवार देर शाम एनटीपीसी के दादरी स्टेज- II पावर स्टेशन की पूरी 728 मेगावाट क्षमता 1 अप्रैल से हरियाणा को आवंटित कर दी है। इतनी बड़ी क्षमता का अचानक नुकसान दिल्ली की लगभग 4,100 मेगावाट की खपत का 18%, एक्सचेंजों से बिजली के साथ प्रतिस्थापित करना कठिन होगा। हो सकता है कि एक्सचेंजों के पास चौबीसों घंटे बिजली देने की इतनी बड़ी क्षमता न हो और दिल्ली की अचानक मांग से टैरिफ और सख्त हो जाएंगे। यह सब ब्लैकआउट का कारण बन सकता है। देर रात तक दिल्ली सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
बिजली मंत्रालय के अवर सचिव राजा रामास्वामी ने 28 मार्च, 2022 को सीईए को लिखे एक पत्र में कहा कि एनटीपीसी के दादरी-II स्टेशन में दिल्ली की ओर से पावर सरेंडर करने की इच्छा और हरियाणा सरकार की इच्छा को ध्यान में रखते हुए एनटीपीसी के दादरी-II स्टेशन से हरियाणा को 728.68 मेगावाट के सरेंडर्ड अथवा उपलब्ध शेयर का 1 अप्रैल से पुन: आवंटन करने का निर्णय लिया गया है। सीईए से अनुरोध है कि 1 अप्रैल, 2022 से सभी संबंधितों को सूचना के तहत आवंटन को लागू किया जाए।