Kashmir में शिक्षा के नाम पर चल रही थी बड़ी साजिश! खुफिया रिपोर्ट के बाद तीन विश्वविद्यालयों ने लिया बड़ा एक्शन

By नीरज कुमार दुबे | Apr 13, 2026

कश्मीर में शिक्षा के नाम पर चल रहे संदिग्ध गठजोड़ पर आखिरकार बड़ी चोट पड़ी है। श्रीनगर से आई ताजा खबर ने न केवल अकादमिक जगत को झकझोर दिया है बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता और विश्वविद्यालयों की सतर्कता को भी साफ तौर पर उजागर कर दिया है। हम आपको बता दें कि कश्मीर के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों ने अमेरिका स्थित एक गैर सरकारी संगठन के साथ अपने शैक्षणिक समझौते को अचानक समाप्त कर दिया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब खुफिया एजेंसियों की ओर से इस संगठन की गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े किए गए थे।

इसे भी पढ़ें: Iran-US Ceasefire के बाद Kashmir में मनाया जा रहा जबरदस्त जश्न, शिया मुस्लिमों ने कहा, 'हमारा ईरान जीत गया'

इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि शिक्षा और अनुसंधान के नाम पर किया गया यह समझौता अचानक संस्थानों के हितों के खिलाफ नजर आने लगा? विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस समझौते का उद्देश्य विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग, गणित और मानविकी जैसे क्षेत्रों में कार्यशालाओं, सेमिनार और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना था। लेकिन अंदरूनी समीक्षा और खुफिया रिपोर्ट्स के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई।

कश्मीर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नसीर इकबाल ने साफ शब्दों में कहा कि सक्षम प्राधिकरण द्वारा समीक्षा के बाद यह तय किया गया कि इस समझौते को जारी रखना विश्वविद्यालय के व्यापक हित में नहीं है। यह बयान अपने आप में बहुत कुछ कह देता है। हालांकि प्रशासन ने खुलकर उन कारणों का खुलासा नहीं किया, लेकिन सूत्रों के मुताबिक खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट में कुछ ऐसी गतिविधियों का जिक्र था जो संवेदनशील मानी जा सकती थीं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे समझौते के दौरान न तो किसी प्रकार का धन का लेनदेन हुआ और न ही कोई वित्तीय देनदारी बनी। इसका मतलब साफ है कि मामला केवल पैसे का नहीं बल्कि कहीं अधिक गंभीर पहलुओं से जुड़ा हुआ है, जैसे डेटा साझा करना, शोध की दिशा और विदेशी प्रभाव।

कश्मीर के शैक्षणिक संस्थानों द्वारा उठाया गया यह कदम एक बड़े बदलाव का संकेत देता है। अब विदेशी संस्थाओं के साथ सहयोग को लेकर पहले से कहीं ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां तकनीक, अनुसंधान और डेटा जैसे संवेदनशील विषय शामिल हों।

हम आपको बता दें कि इस पूरे मामले में कश्मीर केयर फाउंडेशन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। यह संगठन अमेरिका में रहने वाले एक कश्मीरी मूल के व्यक्ति अल्ताफ केएल लाल द्वारा संचालित बताया जाता है। भले ही संगठन का दावा शिक्षा को बढ़ावा देने का हो, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की नजर में इसके कुछ पहलू संदिग्ध पाए गए।

बहरहाल, यह घटना केवल एक समझौते के खत्म होने की कहानी नहीं है, बल्कि यह एक चेतावनी है कि शिक्षा के नाम पर होने वाले हर अंतरराष्ट्रीय सहयोग की गहराई से जांच जरूरी है। कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में तो यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। अब सवाल यह है कि क्या अन्य संस्थान भी ऐसे समझौतों की समीक्षा करेंगे? क्या यह कदम एक बड़े अभियान की शुरुआत है। फिलहाल इतना तय है कि कश्मीर में शिक्षा और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की दिशा में एक सख्त और निर्णायक कदम उठाया जा चुका है।

प्रमुख खबरें

Team India के लिए England के खिलाफ बड़ी चुनौती, World Cup की तैयारी के लिए Shubman Gill की असली परीक्षा

England के खिलाफ ODI Series से पहले Team India का अभ्यास, Virat Kohli और Gambhir की बेरुखी ने बढ़ाई फैंस की चिंता

Erling Haaland की अनोखी Souvenir ने इंटरनेट पर मचाई धूम, Texas से खरीदा शराब की बोतल वाला Raccoon

आइकिया की बड़ी योजना: 2030 तक भारत में निवेश दोगुना कर 21,000 करोड़ रुपये करेगी कंपनी