By अभिनय आकाश | Dec 04, 2024
दिल्ली की राउज़ एवेन्यू अदालत ने आप विधायक नरेश बाल्यान को जमानत दे दी। 30 नवंबर को दिल्ली पुलिस अपराध शाखा ने एक कथित जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया था। आप विधायक को बेल मिलते ही फिर से अरेस्ट कर लिया गया है। उन पर अब मकोका केस में कार्रवाई की गई है। इससे पहले उत्तम नगर से विधायक बालियान गैंगस्टर कपिल सांगवान से जुड़े एक सिंडिकेट में शामिल होने के आरोपों के बाद पुलिस हिरासत में थे। मामला पिछले साल का है, जब बाल्यान पर गिरोह के सदस्यों के माध्यम से संपत्ति मालिकों को कम कीमत पर अपनी संपत्ति बेचने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
रिमांड आवेदन में कहा गया है कि बालियान और सिंडिकेट के बीच "गहरे संबंध" का पता लगाने और उसके सहयोगियों की पहचान करने के लिए विस्तार महत्वपूर्ण था। बालियान का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष वशिष्ठ ने तर्क दिया कि गिरफ्तारी निराधार थी। वशिष्ठ ने कहा कि मैं (बालियान), खुद एक पीड़ित हूं और पुलिस ने मुझे आरोपी बना दिया है। उन्होंने एक लोक सेवक को गिरफ्तार किया है और ऐसा करने का कोई कारण नहीं बताया है। गिरफ्तारी पूरी तरह से अवैध और बिना किसी आधार के है।