By अभिनय आकाश | Oct 09, 2026
सीजेपी द्वारा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर SIR के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने राष्ट्रीय राजधानी आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। रेलवे के इस आदेश के चलते नई दिल्ली और हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक देशभर से आने वाली रेल सेवाएं ठप रहेंगी। सरकार के इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में अघोषित या आधिकारिक रूप से आपातकाल लागू कर दिया है। वहीं सौरव दास ने अपने पोस्ट में लिखा कि देश अब जागरूक हो चुका है। एक जागरूक राष्ट्र अपना संदेश पहुंचाने के सभी रास्ते ढूंढ लेगा। याद कीजिए कि कैसे आपने कोविड के दौरान पूरे देश में प्रवासी मजदूरों को सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलने पर मजबूर किया था? वही लोग सरकार में बैठे लोगों को सबक सिखाने के लिए फिर से ऐसा ही करेंगे।
यह बयान दिल्ली पुलिस की उस चेतावनी के बीच आया है जिसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी में धारा 163 के तहत पाबंदियां लागू हैं और बिना इजाज़त इकट्ठा होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (DCP) सृष्टि पांडे ने कहा कि जब तक पाबंदियां लागू हैं, जंतर-मंतर या किसी भी दूसरी जगह पर विरोध प्रदर्शन की इजाज़त नहीं है। पांडे ने समाचार एजेंसी ANI को बताया, "धारा 163 लागू है, जिसका मतलब है कि विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है न तो जंतर-मंतर पर और न ही कहीं और। किसी भी तरह के जमावड़े को गैर-कानूनी माना जाएगा और हमें इसके खिलाफ ज़रूरी कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।" DCP ने लोगों से प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल न होने की अपील की और उनसे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा मैं प्रदर्शनकारियों से अपील करना चाहूंगी कि वे ऐसे गैर-कानूनी जमावड़ों में शामिल न हों। कृपया अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। साथ ही, अपने परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।