By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
अदाणी समूह अगले पांच से छह वर्षों में बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और डेटा सेंटर क्षेत्रों में 120 अरब डॉलर से अधिक निवेश करने की योजना बना रहा है। अदाणी समूह के वार्षिक सम्मेलन पर ब्रोकरेज कंपनी जेफरीज की एक शोध रिपोर्ट में यह कहा गया है। इसके साथ ही समूह अपने शुद्ध कर्ज को अपनी परिचालन आय के 3.5 गुना से नीचे रखने का प्रयास कर रहा है।
जेफरीज की शोध रिपोर्ट के अनुसार अपने वार्षिक निवेशक सम्मेलन में समूह ने कहा कि उसका शुद्ध कर्ज और ईबीआईटीडीए (ब्याज, कर, मूल्य ह्रास और ट्रेडमार्क, पेंटेंट तथा अन्य संपत्ति की समय बढ़ने के साथ लागत में कमी के आकलन से पहले की आय) अनुपात 2019-23 के दौरान लगभग 3.6-3.8 गुना के उच्चस्तर से घट गया है। समूह के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) जुगेशिंदर सिंह ने मजबूत वित्तीय स्थिति के प्रमाण के रूप में उधारी की कम लागत, परिसंपत्तियों पर सुधरते प्रतिफल और वित्तपोषण के विविध आधार का उल्लेख किया। हालांकि, जेफरीज के अनुमानों के मुताबिक अदाणी समूह की छह सूचीबद्ध कंपनियों के लिए वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 में इनका कुल शुद्ध कर्ज और ईबीआईटीडीए अनुपात 3.7 गुना रहेगा, जो वित्त वर्ष 2028-29 में घटकर 3.4 गुना और वित्त वर्ष 2029-30 में 3.1 गुना पर आ जाएगा।
अंबुजा सीमेंट के अधिग्रहण से जुड़े कर्ज को शामिल करने पर ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 में इस अनुपात के क्रमशः 4.0 गुना और 3.9 गुना रहने का अनुमान लगाया है। सिंह ने सम्मेलन की शुरुआत करते हुए कहा कि शुद्ध कर्ज और ईबीआईटीडीए अनुपात 2019-23 के लगभग 3.6-3.8 गुना के शिखर से नीचे आ गया है। प्रबंधन ने कहा कि परिसंपत्तियों पर प्रतिफल लगभग 14.5 प्रतिशत है, या निर्माणाधीन परियोजनाओं को छोड़कर लगभग 16 प्रतिशत है, तथा औसत उधारी लागत 2019 के लगभग 10 प्रतिशत से घटकर करीब 7.5 प्रतिशत रह गई है।
समूह की लगभग 92 प्रतिशत कंपनियों को निवेश श्रेणी की रेटिंग मिली है, जबकि लक्ष्य 100 प्रतिशत का है। प्रबंधन को 10 वर्षों में परिचालन से लगभग 120 अरब डॉलर की संचयी नकदी मिलने की उम्मीद है, जो प्रस्तावित पूंजीगत व्यय के लगभग बराबर है। समूह की सूचीबद्ध कंपनियों ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक सालाना दो लाख करोड़ रुपये से 2.2 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना बनाई है, जो वित्त वर्ष 2025-26 के 1.53 लाख करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत से 44 प्रतिशत अधिक है।