By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 13, 2025
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अहमदाबाद से लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर बृहस्पतिवार को गहरा दुःख व्यक्त किया। कुल 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहा विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।
मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल से यात्रियों की सुरक्षा और वहां जारी बचाव अभियान की सफलता की कामना की। मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने विमान हादसे की घटना को बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘इस कठिन समय में हम सभी भगवान से प्रार्थना करते हैं कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हों और जो घायल हैं उन्हें जल्द से जल्द राहत और चिकित्सा सहायता मिले।’’
सिंघार ने कहा, ‘‘हमारी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।’’ राज्य के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी विमान हादसे पर दुख जताया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष और खजुराहो के सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के प्रदेश संगठन महासचिव हितानंद और अन्य ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। शर्मा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश भाजपा शोक संतप्त परिवारों के साथ है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है।