By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 23, 2023
हैदराबाद। दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर ऐडन मार्कराम को 31 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र के लिए गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद का कप्तान नियुक्त किया गया। सनराइजर्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर घोषणा की, ‘‘इंतजार खत्म हुआ। हमारे नए कप्तान ऐडन मार्कराम से मिलिए।’’ न्यूजीलैंड के केन विलियमसन ने पिछले सत्र में सनराइजर्स की अगुआई की थी जहां टीम छह जीत और आठ हार से 10 टीम के बीच आठवें स्थान पर रही थी। इस साल की नीलामी से पहले सनराइजर्स ने विलियमसन को रिलीज कर दिया था जहां गुजरात टाइटंस ने उन्हें अपने साथ जोड़ा। आगामी सत्र में सनराइजर्स की टीम अपना पहला मैच दो अप्रैल को हैदराबाद में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी।