AIMIM और आजाद समाज पार्टी साथ लड़ेगी UP Election 2027, लखनऊ में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा करने के वास्ते बृहस्पतिवार को लखनऊ में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन करेंगे। दोनों दलों के नेताओं ने गठबंधन की पुष्टि की है। हालांकि, गठबंधन की रूपरेखा और सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

एआईएमआईएम के प्रवक्ता शादाब चौहान ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी और ओवैसी की एआईएमआईएम मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन और अन्य विवरणों की जानकारी बृहस्पतिवार को दोनों दलों के नेताओं की संयुक्त प्रेसवार्ता में दी जाएगी। चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी बुधवार को अलग-अलग लखनऊ पहुंचे।

गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर आजाद ने कहा, जो भी है, आपके सामने आ जाएगा। आजाद ने कहा कि उनका प्रयास युवाओं, किसानों तथा कमजोर और वंचित वर्गों को मजबूत करना है। आजाद ने कहा कि गरीबों के अधिकारों का हनन रोकने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में दोनों दल कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। गठबंधन में अन्य छोटे दलों के शामिल होने की संभावना को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन में एआईएमआईएम को शामिल करने के ओवैसी के प्रस्ताव में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी।

ओवैसी ने दोनों दलों को इस संबंध में फैसला लेने के लिए दो अक्टूबर तक का समय दिया था, लेकिन उन्हें कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इसके बाद ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने को प्रदेश में तीसरा मोर्चा बनाने की संभावित पहल के रूप में देखा जा रहा है। दोनों दलों की नजर दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं पर है।

प्रमुख खबरें

Indian Visa प्रक्रिया हुई आसान, गृह मंत्रालय ने मुख्य श्रेणियां घटाकर 9 कीं

TMC के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री Ujjwal Biswas का कोलकाता में 72 वर्ष की उम्र में निधन

Ratlam में Karni Sena प्रमुख Mahipal Singh Makrana समेत 30 गिरफ्तार

BJP का कांग्रेस पर हमला, सांसद Angomcha Bimol Akoijam को Manipur चुनाव समिति में जगह देने पर उठाए सवाल