By अंकित सिंह | Mar 09, 2022
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधी परिवार के बेहद ही करीबी रहे पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी राजनीति से संन्यास ले रहे हैं। इसके साथ ही वह आगे अब कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसको लेकर उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को भी पत्र लिखा है। अपने पत्र में सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा है कि अब वह सक्रिय राजनीति से संन्यास लेना चाहते हैं। अपने पत्र में एके एंटनी ने लिखा है कि वह राज्यसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे और अप्रैल में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह गृह राज्य केरल वापस चले जाएंगे। एके एंटनी के इस घोषणा के बाद उनके 52 साल के राजनीतिक कैरियर का अंत हो रहा है।
केरल विधानसभा चुनाव के दौरान ही एंटनी ने कहा था कि वह अब राजनीति से संन्यास लेना चाहते हैं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल के दौरान वह कांग्रेस कमेटी के महासचिव रह चुके हैं। 2004 में व केंद्र की राजनीति में सक्रिय हुए। उन्हें मनमोहन सिंह की सरकार में रक्षा मंत्री बनाया गया। आज भी कई अहम कमेटियों के वह सदस्य हैं। इसके अलावा पार्टी के कई मसलों में उनकी राय बेहद जरूरी रहती हैं।