Akhilesh ने पुलिस पर मतदाताओं के पहचान पत्र जांचने का आरोप लगाया; अधिकारियों को हटाने की मांग की

By Prabhasakshi News Desk | Feb 05, 2025

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मिल्कीपुर विधानसभा के उपचुनाव में पुलिस अधिकारी मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच कर रहे हैं और निर्वाचन आयोग से इन पुलिस अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने सपा प्रमुख के आरोपों का खंडन किया है। यादव ने ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा करते हुए पोस्ट कर कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग तुरंत इस समाचार से जुड़ी तस्वीरों का संज्ञान ले कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के ‘आईडी कार्ड’ चेक कर रही है, जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।’’

सपा प्रमुख द्वारा साझा की गयी तस्वीर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी किसी मतदाता का दस्तावेज देखता नजर आ रहा है। यादव ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘ये अप्रत्यक्ष रूप से मतदाताओं में भय उत्पन्न करके मतदान को प्रभावित करने का लोकतांत्रिक अपराध है। ऐसे लोगों को तुंरत हटाया जाए और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।’’ इसके जवाब में अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने कहा कि ‘एक्स’ पर पोस्ट की गयी तस्वीर में पुलिसकर्मी एक मतदान एजेंट की पहचान की पुष्टि कर रहे हैं।

नैयर ने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस के अधिकारी मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच नहीं कर रहे हैं। फैजाबाद के सपा के सांसद अवधेश प्रसाद ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव जीतने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाकर मतदाताओं को धमकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले कुछ माह में खुद मिल्कीपुर का 10 बार दौरा किया और 16 मंत्रियों को तैनात किया लेकिन इससे मतदाताओं पर कोई असर नहीं पड़ा और वे सपा का ही समर्थन कर रहे हैं। अयोध्या में निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और शिकायतों पर गौर किया जा रहा है।

मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। अयोध्या के जिलाधिकारी सह-जिला निर्वाचन अधिकारी सी. वी. सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। सिंह ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 255 केंद्र पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया जारी है। हालांकि, समाजवादी पार्टी (सपा) ने ‘एक्स’ पर कई पोस्ट डालकर कुछ मतदेय स्थलों पर फर्जी मतदान कराये जाने और कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खराब होने की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। अयोध्या के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी गश्त पर हैं। महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर अर्द्धसनिक बलों को तैनात किया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अफवाह फैलाने वालों या किसी अन्य अवैध गतिविधि में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ अनुसूचित जाति (एससी) के लिए सुरक्षित इस सीट पर 3.71 लाख से अधिक मतदाता मैदान में उतरे 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। हालांकि, मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) के अजीत प्रसाद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंद्रभानु पासवान के बीच माना जा रहा है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट, अवधेश प्रसाद के पिछले साल लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट से निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई है।

प्रमुख खबरें

UP Government ने कर्मचारियों को दिया दिवाली तोहफा, 30 दिन के बोनस का ऐलान

PM Modi का 21 नवंबर को Vaishali दौरा, औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की देंगे सौगात

Foreign Secretary Vikram Misri ने काठमांडू में नेपाल के नेता Ravi Lamichhane से की द्विपक्षीय बातचीत

श्रीगंगानगर की Central Jail में तलाशी के दौरान कैदी का हमला, जेलर हेमराज वैष्णव घायल