UP Election 2027 के वादों के लिए सपा ने तैयार किया पांच साल का वित्तीय खाका: अखिलेश यादव

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणापत्र में किये गये वादों को पूरा करने के वास्ते पांच साल का वित्तीय रोडमैप तैयार किया है और इसके लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी। यादव ने चुनाव घोषणापत्र में किये गये वादों को पूरा करने के लिए धन की व्यवस्था और राजस्व के स्रोतों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उन्होंने एक अलग दस्तावेज तैयार कराया है, जिसमें अगले पांच वर्षों में प्रस्तावित योजनाओं के लिए धन जुटाने का पूरा खाका दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कवायद में वित्तीय और प्रशासनिक मामलों के अनुभवी अधिकारियों की मदद ली गई है, ताकि प्रमुख योजनाओं की व्यावहारिकता का आकलन किया जा सके।

यादव ने अपनी सरकार के कार्यकाल में बने 302 किलोमीटर लंबे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआत में इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर बनाने की योजना थी, लेकिन बैंकों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इसके बाद अधिकारियों से चर्चा कर मॉडल बदला गया और करीब 15,000 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी बजट के जरिए इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) मॉडल पर इसका निर्माण कराया गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने लैपटॉप वितरण और लखनऊ, आगरा, कानपुर तथा नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो परियोजनाओं को भी अपनी सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की निविदाओं में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया और सवाल किया कि जब 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ठेके दिए जा सकते हैं तो धन की कमी कहां है। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने के वादे पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में जमा धन को लेकर तकनीकी जटिलताओं के समाधान के लिए अनुभवी वित्त अधिकारियों की समिति बनाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सत्ता में आने पर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी।

यादव ने कहा कि उनकी सरकार पारंपरिक बुनकरों को कौशल विकास, बाजार उपलब्धता और वित्तीय सहायता देगी और साथ ही बुनकरों को निश्चित दर पर बिजली देने की उनके पिता मुलायम सिंह यादव की शुरू की गई पहल फिर शुरू की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिजली उत्पादन और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की थीं।

प्रमुख खबरें

Lucknow के सहारा शहर परिसर में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने पाया काबू

Revanth Reddy का BRS पर वार, KCR ने तेलंगाना का पानी जगन सरकार के पास गिरवी रखा

Haryana Assembly में मनाया गया Constitution Day, सीएम सैनी और हुड्डा ने पढ़ा प्रस्तावना

श्रीलंका A ने भारत A को 8 विकेट से धोया, Asia Cup Rising Stars फाइनल में बनाई जगह