By नीरज कुमार दुबे | Jan 24, 2022
नमस्कार न्यूजरूम में आप सभी का स्वागत है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के प्रचार में एक बार फिर जिन्ना ने एंट्री ली है। पहले भी कई बार जिन्ना की तारीफ कर चुके समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अब एक समाचार-पत्र को दिये साक्षात्कार में भाजपा पर आरोप लगाया है कि वोटों की खातिर ही वह पाकिस्तान को निशाना बनाती है जबकि भारत का असली दुश्मन चीन है। अखिलेश यादव ने कहा है कि डॉक्टर राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव की भी यही राय रही है कि चीन हमारा असली दुश्मन है जबकि पाकिस्तान हमारा राजनीतिक दुश्मन है। अखिलेश ने आरोप लगाया है कि भाजपा वोटों की राजनीति के लिए ही पाकिस्तान को निशाना बनाती है।
इस बीच आज नयी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो रही है। इस बैठक में भाग लेने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा अन्य पार्टी नेता पहुँचे। माना जा रहा है कि आज की बैठक में सहयोगी दलों को दी गयी सीटों के नामों पर तो मुहर लगेगी ही साथ ही बाकी बचे उम्मीदवारों के नामों का ऐलान भी हो सकता है।