By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 30, 2026
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अगले कुछ महीनों में एक लाख युवाओं को नौकरी दिए जाने के उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान को लेकर रविवार को तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह घोषणा विधानसभा चुनावों से कुछ ही महीने पहले की जा रही है, जबकि जल्द ही आचार संहिता लागू होने वाली है। अखिलेश यादव ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अब जब विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं, तो कहा जा रहा है कि एक लाख नौकरियां दी जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मंदिरों के बाहर बड़ी संख्या में लोग दान मांगते दिखाई देते हैं, लेकिन कोई भिखारी भी मंदिर के अंदर से चोरी नहीं करता।’’ उन्होंने भाजपा को ‘‘अधर्मी’’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी भगवान को अर्पित किए गए चढ़ावे में भी चोरी कर रही है। अखिलेश ने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ये मिलावटी लोग हैं।’’ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ई-20 पेट्रोल को लेकर चल रहे विवाद का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘इन मिलावटी लोगों ने तो यहां तक कर दिया कि जिस पेट्रोल का हम इस्तेमाल करते हैं, उसमें भी मिलावट कर रहे हैं।’’ अखिलेश ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सत्ता में लौटती है तो भाजपा शासन में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल बंद होने का सबसे अधिक असर ‘‘पीडीए’’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समुदाय के बच्चों पर पड़ा है।
सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘वे (भाजपा) नहीं चाहते कि पीडीए समुदाय के लोग शिक्षित हों।’’ उन्होंने कहा कि गांवों में स्कूल बंद होने से खासकर लड़कियों की शिक्षा प्रभावित हुई है। अखिलेश ने जातीय जनगणना कराने और पिछड़े वर्गों को समान अधिकार देने की अपनी मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने संविधान में समाज के हर वर्ग की बात की थी, उसी तरह समाजवादी पार्टी आबादी के आधार पर समुदायों को प्रतिनिधित्व और अधिकार दिलाने का प्रयास करेगी।