सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने Congress को दी सलाह, सीट बंटवारे में जीत के समीकरण पर करें विचार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच मंगलवार को कहा कि उनके सहयोगी दल को सौहार्द और सूझबूझ के साथ ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करना चाहिए, ताकि उत्तर प्रदेश में गठबंधन की सरकार बने और फिर केंद्र में भी सत्ता परिवर्तन हो सके। अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सपा की ओर से उसके लिए प्रस्तावित 26 सीटों के अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटों की सूची भी भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों दल बैठकर तय कर सकते हैं कि किस सीट पर किस दल का कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को संबोधित करते हुए ‘एक्स’ पर एक विस्तृत पोस्ट में कहा, ‘‘हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे। इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी ऐसा हो। देश का भविष्य संवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।’’ उनका कहना है कि कांग्रेस और सपा के सामने यह ऐतिहासिक अवसर है, जब दोनों पंथनिरपेक्ष दल मिलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों को हराकर देश को गलत हाथों में जाने से बचा सकते हैं।

सपा प्रमुख ने सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि दोनों दलों को जन-अपेक्षाओं और जमीनी वास्तविकताओं को ध्यान में रखकर गंभीर विचार-विमर्श करना चाहिए, ताकि गठबंधन के अधिकतर उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा, ‘‘जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी।’’ अखिलेश यादव ने कहा कि सपा अपने आकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई सीटों के बारे में भी बता सकती है, जिन पर कांग्रेस ने किसी कारणवश विचार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं की बैठक में सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर चर्चा होनी चाहिए, न कि कांग्रेस या सपा के उम्मीदवार के रूप में।

उन्होंने कहा कि सबसे सकारात्मक परिणाम तब मिलेगा, जब गठबंधन के उम्मीदवारों को पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश किया जाएगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस संगठन द्वारा पीडीए के साथ किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता ने भाजपा को हराने में अहम भूमिका निभाई थी। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि जमीनी सर्वेक्षणों से स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश के हर शहर, मोहल्ले, गली और गांव तक यह संदेश पहुंच चुका है कि जो पीड़ित है, वही पीडीए है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग लामबंद हो रहे हैं तथा उन्हें विश्वास है कि पीडीए ही एनडीए को हराएगा। उन्होंने सीटों के बंटवारे के बजाय इसे सीट समायोजन करार देने पर जोर दिया और कहा कि कठिन समीकरण वाली सीटों पर दोनों दल कम से कम दो संभावित उम्मीदवारों पर विचार करें तथा जीत की अधिक संभावना वाले उम्मीदवार को मिलकर मैदान में उतारें। अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपने के बजाय आपसी सहमति से प्रत्याशी तय किए जाने चाहिए, तभी दोनों दलों के वोटों का एक-दूसरे को हस्तांतरण सुनिश्चित हो सकेगा।

उनके मुताबिक सरकार बनाने के बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों दलों को कुछ लोगों को समायोजित करना पड़ सकता है। कुछ संभावित उम्मीदवारों को उनकी मनचाही सीट नहीं मिलने या टिकट में बदलाव होने की स्थिति को भी समझना होगा। सपा प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि हर सीट महत्वपूर्ण है और यदि किसी को टिकट नहीं मिल पाता या उसकी पसंदीदा सीट पर बदलाव होता है, तो उसे निराश नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नेताओं को भी इन फैसलों के पीछे सरकार बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखना होगा। अखिलेश यादव का कहना है कि किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, व्यापारी, अधिकारी, कर्मचारी और प्रगतिशील एवं पंथनिरपेक्ष समाज गठबंधन की ओर उम्मीद से देख रहा है।

प्रमुख खबरें

Samsung ला सकता है Galaxy S27 Ultra, 200MP कैमरा और 5700mAh बैटरी मिलने की उम्मीद

Election Commission के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त Manish Garg गोरखपुर में करेंगे 17 जिलों की समीक्षा

China Government ने 9 State Secrets लीक करने वाले भ्रष्ट अधिकारी को सुनाई मौत की सजा

Punjab में Akali Dal और BJP के नए गठबंधन पर Sanjay Singh का तंज, बताया 0+0=0