China Government ने 9 State Secrets लीक करने वाले भ्रष्ट अधिकारी को सुनाई मौत की सजा

By Ankit Jaiswal | Nov 24, 2026

चीन में जासूसी और देश की गोपनीय जानकारी दूसरे देश तक पहुंचाने के मामले में एक सरकारी अधिकारी को मौत की सजा सुनाई गई है। उस पर आरोप है कि उसने विदेश में तैनाती के दौरान एक विदेशी खुफिया एजेंट के संपर्क में आने के बाद चीन की एक सरकारी संस्था से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां और गोपनीय दस्तावेज उसे सौंपे थे। चीन के सरकारी विभाग ने सोमवार को एक सार्वजनिक बयान जारी कर इस मामले का खुलासा किया।

चीन के राष्ट्रीय गोपनीयता संरक्षण प्रशासन के मुताबिक, दोषी अधिकारी का उपनाम मा बताया गया है। हालांकि, बयान में यह नहीं बताया गया कि वह किस देश में तैनात था। अधिकारियों के अनुसार, विदेश में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात ‘कैलिन’ नाम की एक महिला से हुई थी। महिला ने शुरुआत में उससे कहा कि वह चीनी भाषा सीखने में दिलचस्पी रखती है। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध भी गहरे हो गए।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, कुछ समय बाद महिला ने बातचीत का रुख राजनीति और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं जैसे संवेदनशील मुद्दों की ओर मोड़ दिया। इसके बाद उसने मा को उस देश में मौजूद एक चीनी संस्था के कर्मचारियों और उसके कामकाज से जुड़ी जानकारी देने के लिए तैयार किया। बताया गया है कि महिला ने बाद में मा को अपने कुछ अन्य साथियों से भी मिलवाया। उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर वह उनके देश के लिए जासूसी करने को तैयार नहीं हुआ तो उसकी गतिविधियों की जानकारी चीनी सरकार को दे दी जाएगी।

बयान के अनुसार, इस दबाव में मा ने विदेशी एजेंट के प्रति वफादारी की शपथ ली और जासूसी का काम शुरू कर दिया। चीन लौटने के बाद भी वह विदेशी एजेंट को गोपनीय दस्तावेज भेजता रहा। इसके बदले उसे हर महीने एक तय रकम दी जाती थी। महत्वपूर्ण जानकारी देने पर अतिरिक्त पैसे भी मिलते थे।

चीन के अभियोजन अधिकारियों के अनुसार, मा ने जासूसी के बदले 150,000 डॉलर से अधिक की रकम हासिल की। उसने 9 ऐसे दस्तावेज सौंपे, जिन्हें चीन के राजकीय रहस्य की श्रेणी में रखा गया था। इसके अलावा 26 गोपनीय दस्तावेज भी विदेशी एजेंट तक पहुंचाए गए। अधिकारियों ने बताया कि उसने कुल मिलाकर सैकड़ों खुफिया दस्तावेज भेजे थे।

गौरतलब है कि चीन में राष्ट्रीय सुरक्षा और जासूसी से जुड़े मामलों की जानकारी आमतौर पर सार्वजनिक नहीं की जाती। ऐसे मामलों में मौत की सजा सुनाए जाने का खुलासा करना भी बेहद दुर्लभ है। इसीलिए सरकारी विभाग की ओर से जारी यह बयान काफी अहम माना जा रहा है। प्रशासन ने इस घटना के जरिए आम नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उसने कहा है कि लोगों को निजी और सामाजिक जीवन में सावधान रहना चाहिए और अपने कार्यस्थल से जुड़ी गोपनीयता के नियमों का पालन करना चाहिए।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब चीन ने जासूसी रोकने के लिए अपने कानून और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया है। 2023 में चीन ने अपने पहले से लागू जासूसी विरोधी कानून का दायरा बढ़ा दिया था। इसके तहत अब राष्ट्रीय सुरक्षा और हितों से जुड़ा कोई भी दस्तावेज, आंकड़ा, सामग्री या वस्तु जासूसी के दायरे में आ सकती है। हालांकि, कानून में इन शब्दों की स्पष्ट सीमाएं तय नहीं की गई हैं।

इससे पहले चीन की सुरक्षा एजेंसी ने युवाओं को विदेशी ताकतों से सावधान रहने की चेतावनी दी थी। एजेंसी ने ऐसे विचारों को लेकर चिंता जताई थी, जिनमें मेहनत को बेकार बताकर युवाओं को काम से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाता है। चीन और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह मामला उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा नीति और जासूसी को लेकर सख्त रुख को दिखाता है।

प्रमुख खबरें

Samsung ला सकता है Galaxy S27 Ultra, 200MP कैमरा और 5700mAh बैटरी मिलने की उम्मीद

Election Commission के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त Manish Garg गोरखपुर में करेंगे 17 जिलों की समीक्षा

सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने Congress को दी सलाह, सीट बंटवारे में जीत के समीकरण पर करें विचार

Punjab में Akali Dal और BJP के नए गठबंधन पर Sanjay Singh का तंज, बताया 0+0=0