By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
केंद्रीय निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग 26 और 27 नवंबर को गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के पांच मंडलों के 17 जिलों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के मुताबिक निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी दो दिवसीय दौरे के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और तैयारियों की प्रगति का जायजा लेंगे। बयान के मुताबिक इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है।
बयान के मुताबिक 26 नवंबर को गोरखपुर में होने वाली बैठक में गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों के 11 जिलों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी जिनमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, बस्ती, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह 27 नवंबर को आजमगढ़ और विंध्याचल मंडलों के छह जिलों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा होगी। इनमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जिले शामिल हैं।
बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा और उनके कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा संबंधित मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक भी हिस्सा लेंगे। बयान के अनुसार, संबंधित जिलों के अधिकारी ‘पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन’ के माध्यम से निर्वाचन तैयारियों, व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देंगे। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी इन प्रस्तुतियों के आधार पर तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जा सकें।