By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026
पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद की उस घटना में कथित तौर पर शामिल ऑडी कार जब्त कर ली है, जिसमें एक मोटरसाइकिल सवार की कुचलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने कार के मालिक की पहचान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह के रूप में की है। पुलिस अधीक्षक (नगर) आदित्य बंसल ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि घटना 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि के आसपास सारसौल इलाके में हुई थी।
इस घटना में मनोज की मौत हो गई, जबकि कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन का पता लगाया और उसके मालिक की पहचान की। बंसल ने बताया कि कार को बुधवार को जब्त कर लिया गया।
बंसल ने बताया कि आरोपी चालक फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम गठित की गई हैं। इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत बन्नादेवी पुलिस थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।