By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ और दोपहर दो बजे तक 40.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
चुनाव प्रचार बृहस्पतिवार शाम समाप्त हुआ था। लखनऊ में मतदान के लिए 259 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,16,491 पंजीकृत मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदान शाम चार बजे तक जारी रहेगा।
इन चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी हैं, जबकि छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र राज्य के सभी 75 जिलों में फैले हुए हैं, लेकिन केवल पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता ही वोट डालने के पात्र हैं।
गौतमबुद्ध नगर जिले में मेरठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए 13 मतदान केंद्रों में बनाए गए 42 बूथ पर मतदान जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 12,754 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13,104 मतदाता पंजीकृत हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।