लोकसभा चुनाव में मतदान वाली सभी 542 सीटों के परिणाम घोषित, भाजपा को मिली 303 सीटें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 24, 2019

नयी दिल्ली। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव में 542 सीटों पर हुये मतदान के बाद लगभग दो दिन तक चली मतगणना के शुक्रवार को परिणाम घोषित कर दिये। चुनाव परिणाम के आधार पर सत्तारूढ़ भाजपा ने 303 सीटें जीत कर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। उल्लेखनीय है लोकसभा की 543 सीटों में से 542 सीटों पर सात चरण में मतदान हुआ था। तमिलनाडु की वेल्लोर सीट पर धनबल के भारी पैमाने पर इस्तेमाल की शिकायतों के आधार पर आयोग ने इस सीट पर अनिश्चित काल के लिये मतदान स्थगित कर दिया था। गत 19 मई को आखिरी दौर का मतदान संपन्न होने के बाद 23 मई को मतगणना शुरु हुयी थी। शुक्रवार शाम को चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से मतदान वाली सभी सीटों पर चुनाव परिणाम घोषित किये जाने की जानकारी दी गयी। सिर्फ एक सीट, पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश पर तकनीकी दिक्कतों के कारण चुनाव परिणाम घोषित नहीं किया जा सका। इस सीट से केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजीजू भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में थे। उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार नबाम तुकी को लगभग पौने दो लाख वोट से हराया है। 

इसे भी पढ़ें: PM मोदी ने राष्ट्रपति कोविंद को सौंपा अपना इस्तीफा

इस चुनाव में वाम दलों, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का प्रदर्शन भी बहुत खराब रहा। दोनों दलों को महज पांच सीटें मिली हैं। वाम दलों की सीटों का यह अब तक का न्यूनतम आंकड़ा है। उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य हिंदी भाषी राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की कुल 65 सीटों में से 61 सीटें भाजपा ने जीती हैं। भाजपा की सीटों की संख्या 303 होने के साथ ही उसके सहयोगी दलों के साथ राजग गठबंधन 350 सीटों के पार पहुंच गया है। पिछले लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन को 336 सीटें मिली थीं। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी देश के तीसरे और पहले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं जो लोकसभा में लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेंगे। मोदी वाराणसी में चार लाख 79 हजार 505 मतों से जीते हैं जबकि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात में गांधीनगर लोकसभा सीट पर साढ़े पांच लाख वोट से विजयी रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस चुनाव में पंजीकृत 90.99 करोड़ मतदाताओं में से करीब 67.11 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भारतीय संसदीय चुनाव में यह अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है।

प्रमुख खबरें

GeM portal से रक्षा क्षेत्र की खरीद 1.35 लाख करोड़ रुपये पार, Piyush Goyal ने दी जानकारी

HD Kumaraswamy ने फ्लैश चार्जिंग Electric Bus प्रस्ताव की समीक्षा की

Tiger Shroff Durand Cup मैच में नहीं खेलेंगे, काम की प्रतिबद्धता बनी वजह

Rashtrapati Bhavan के एट होम समारोह में लावणी और गेड़ी नृत्य मुख्य आकर्षण होंगे