Alok Kumar फिर चुने गये विहिप अध्यक्ष, अयोध्या में संपन्न हुई VHP की बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किये गये

By नीरज कुमार दुबे | Feb 27, 2024

विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर एक बार फिर आलोक कुमार का निर्वाचन किया गया है इसी के साथ ही विश्व में हिंदुओं के सबसे बड़े संगठन में कई और पदों पर नियुक्तियां की गयी हैं। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद ने कहा है कि अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद ‘एक नया युग शुरू हो गया है’ और ‘अब श्री राम मंदिर से रामराज्य की शुरुआत हो चुकी है।’ हम आपको बता दें कि विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार को अयोध्या में अपने केंद्रीय न्यासी बोर्ड और गवर्निंग काउंसिल की बैठक में दो प्रस्ताव- ‘‘राष्ट्रीय हित में मतदान करें और शत-प्रतिशत मतदान करें’’ और ‘‘श्री राम मंदिर का निर्माण- अब रामराज्य की ओर’’, पारित किए।

इसे भी पढ़ें: Ayodhya Ram Mandir में अब तक 60 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किये दर्शन, 25 करोड़ रुपए का दान भी मिला

संकल्प में कहा गया, ‘‘समस्त विघटनकारी व राष्ट्र विरोधी षड़यंत्र धूमिल हो गये। सम्पूर्ण विश्व भी इस दिन आह्लादित था क्योंकि उन्हें लगा कि एक नये भविष्य की रचना की जा रही है। हिन्दू समाज ने जन्मभूमि पर मन्दिर निर्माण के लिए विश्व का सबसे लम्बा संघर्ष किया। 76 बार हुए भीषण युद्धों में सम्पूर्ण देश के रामभक्तों ने सहभागिता की, इनके बिना यह पावन दिवस सम्भव नहीं था। इन संघर्षों में बलिदान हुए लाखों बलिदानियों को प्रन्यासी मण्डल नमन् करता है।’’ संकल्प में राम मंदिर आंदोलन में शामिल रहे महंत रामचंद्र परमहंस और महंत अवैद्यनाथ समेत अनेक साधु संतों के प्रति आभार प्रकट किया गया।

बैठक में प्रस्तुत एक अन्य प्रस्ताव में सभी मतदाताओं से शत प्रतिशत मतदान का आह्वान करते हुए कहा गया, ‘‘भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। प्रत्येक पांच वर्षों के पश्चात् राष्ट्रीय निर्वाचन का महापर्व आता है। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के संचालन के लिए मतदान अत्यन्त आवश्यक है। यह हमारा राष्ट्रधर्म भी है। आगामी लोकसभा निर्वाचन की तिथियों की घोषणा कभी भी हो सकती है।" प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘विश्व हिन्दू परिषद का प्रन्यासी मण्डल हिन्दू समाज से आह्वान करता है कि अपने निजी स्वार्थ, जातिगत अभिनिवेश, भाषावाद, सम्प्रदायवाद व क्षेत्रवाद आदि भेदभावों को छोड़कर राष्ट्रहित में मतदान अवश्य करें। यह निर्वाचन भारत के भविष्य को निर्धारित करने वाला है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, समृद्ध और शक्तिशाली भारत सौंपना हम सबका सामूहिक दायित्व है। इस कार्य के लिए ऐसी सरकार का निर्वाचन आवश्यक है जो भारतीय संस्कृति व जीवन मूल्यों का सम्मान तथा उनकी रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।’’

संगठन के चुनाव

हम आपको यह भी बता दें कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अयोध्या में अपने केंद्रीय न्यासी बोर्ड और गवर्निंग काउंसिल की बैठक में संगठन के वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार को नया अध्यक्ष और बजरंग लाल बागड़ा को महासचिव चुना है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि संगठन के वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील आलोक कुमार को विहिप का नया अध्यक्ष जबकि बजरंग लाल बागड़ा को विहिप का नया महासचिव चुना गया है। इन दोनों को लगभग 400 पदाधिकारी ने सर्वसम्मति से अपना मत प्रदान किया। उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मिलिंद परांडे को नया महासचिव (संगठन) नियुक्त किया और विनायक राव देशपांडे को सह-महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया है। बैठक के बाद आलोक कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर पारित किये गये संकल्पों के बारे में मीडिया को जानकारी दी।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला