वन संरक्षण के साथ ही वन संपदाओं को आजीविका से जोड़ने का प्रयास करें अधिकारी : धामी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 13, 2025

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को वनों के संरक्षण के साथ ही वन संपदाओं को लोगों की आजीविका से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

धामी ने अधिकारियों को इकोलॉजी और इकोनॉमी में संतुलन बनाते हुए आगामी 10 वर्षों के लिए विस्तृत योजना बनाते हुए वन क्षेत्रों के आस-पास ईको-टूरिज्म की गतिविधयों को बढ़ावा देने को भी कहा।

उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के साथ ही ऐसी घटनाओं में त्वरित मुआवजा वितरण के लिए डिजिटल ट्रैकिंग प्रणाली लागू करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में चिड़ियाघर और सफारी के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि वन विश्राम भवनों का रख-रखाव भी पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए तथा राजस्व बढ़ाने के प्रयास किये जाएं।

उन्होंने ऋषिकेश के निकट चौरासी कुटिया के जीर्णोधार से संबंधित कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिये। धामी ने नवाचार पर जोर देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड वनों की बहुलता वाला प्रदेश है, इसलिए वन संपदाओं को आर्थिकी से जोड़ने के प्रयास किये जाए, इसके लिए वन विभाग और वित्त विभाग बैठक करें।

महासीर के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किये जाएं। बैठक में संरक्षित क्षेत्रों में 10 किलोमीटर की परिधि में आने वाले वन भूमि हस्तान्तरण एवं अन्य प्रकरणों पर कुल 25 निर्णयों पर अनुमोदन दिया गया जिन्हें राष्ट्रीय वन्य जीव बोर्ड को भेजा जायेगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि विगत तीन वर्षों में 75 हजार से अधिक बंदरों का बंध्याकरण किया जा चुका है जबकि इस वर्ष 27 वन प्रभागों में 40 हजार बंदरों के बंध्याकरण का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में बताया गया कि 2024 में राज्य में चार नये ईको पर्यटन जोन प्रारंभ किये गये हैं।

प्रमुख खबरें

Rajasthan High Court का बड़ा फैसला, School परिसर के 50 मीटर दायरे में Junk Food की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

Neil Armstrong Death Anniversary: Korean War में मौत को मात देने वाले Neil Armstrong कैसे बने Moon Hero

Cyber Fraud: MP में अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, 80 लाख का फर्जी लेनदेन उजागर

Tarun Tejpal Sexual Assault Case में बड़ा झटका, Supreme Court ने 2 हफ्ते में Surrender करने का दिया आदेश