By अंकित सिंह | Jan 31, 2025
जल विवाद के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के वजीराबाद में यमुना घाट का दौरा किया। दो अलग-अलग बोतल में पानी दिखाते हुए सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा था कि वह यमुना नदी को साफ करेंगे लेकिन उन्होंने इसे साफ नहीं किया और केजरीवाल ने इसे गंदा करने का काम किया है। हम साफ पानी दे रहे हैं। और ये दिल्ली का पानी है, ये गंदा पानी दिल्ली के लोगों को पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग को अपने उस आरोप के बारे में जवाब सौंपा जिसमें उन्होंने कहा था कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने दिल्ली को आपूर्ति किये जाने वाले यमुना के पानी में ‘‘जहर’’ मिला दिया है। केजरीवाल ने अपने जवाब में कहा कि उनकी टिप्पणी ‘‘कच्चे पानी में अमोनिया के खतरनाक उच्च स्तर’’ के संदर्भ में थी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) को संबोधित अपने छह पृष्ठ के लिखित जवाब में केजरीवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर राष्ट्रीय राजधानी में अत्यधिक प्रदूषित पानी भेजकर पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव को ‘‘प्रभावित’’ करने की ‘‘साजिश’’ रचने का भी आरोप लगाया।
दिल्ली एवं पंजाब के मुख्यमंत्रियों क्रमश: आतिशी और भगवंत मान के साथ ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने इस मामले में निर्वाचन आयोग द्वारा उन्हें दिए गए नोटिस पर निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को अपना जवाब सौंपा। ‘आप’ नेता निर्वाचन आयुक्तों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अमोनिया मिश्रित पानी की तीन बोतल भी अपने साथ ले गये। अपने जवाब में केजरीवाल ने कहा कि यमुना के पानी में मिला जहर ‘‘अमोनिया’’ था।