By अंकित सिंह | Feb 20, 2024
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। जयपुर में प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देश की परंपराओं और गौरव का अपमान करती है। हम भाषाओं का सम्मान करते हैं तो... वो विरोध करते हैं, हम अपनी संस्कृति का सम्मान करते हैं और उसे आगे बढ़ाते हैं तो... वो विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि हम परंपराओं का सम्मान कर सेंगोल को स्थापित करते हैं तो... वो विरोध करते हैं। क्योंकि जिनके मूल ही इटली में हो, वो देश की परंपराओं का सम्मान नहीं कर सकता है।
भाजपा नेता ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा का एकमात्र उद्देश्य है- दुनिया में भारत पहले हो। भारत विश्वगुरु बने। वहीं इंडी अलायंस है- सोनिया गांधी का लक्ष्य है- राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना। लालू जी का लक्ष्य है- अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना। उद्धव जी और स्टालिन जी का है- अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना। ममता बनर्जी का लक्ष्य है अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना। मुलायम सिंह अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाकर गए, लेकिन वो संभाल नहीं पाए। लेकिन फिर से अखिलेश जी मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं।
शाह ने कहा कि आप सब प्रबुद्धजनों के माध्यम से राजस्थान की जनता का धन्यवाद भी करने आया हूं और आशीर्वाद भी मांगने आया हूं। 2014 में आपने कमल से मेरी झोली भर दी, 25 की 25 सीटों पर आपने विजयी दिलाई। उन्होंने कहा कि 2019 में भी आपने सभी सीटों पर जीत दिलाई। हाल ही में आपने विधानसभा में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। इसके लिए धन्यवाद देता हूं। आशीर्वाद इसलिए मांगने आया हूं कि 10 साल के अंदर भारत को पाताल से आसमान तक पहुंचाने का काम श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। आपके आशीर्वाद से 2047 तक भारत आत्मनिर्भर भी होगा और सबसे पहले भी होगा।