By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 29, 2026
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से फोन पर बात कर राज्य में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और राहत एवं पुनर्निर्माण प्रयासों के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। असम में इस साल बाढ़ के कारण अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3.32 लाख से अधिक लोग अब भी प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ समय पहले मुझे फोन कर असम बाढ़ के मद्देनजर जारी राहत प्रयासों की समीक्षा की।’’ उन्होंने कहा कि शाह ने जमीनी स्थिति के बारे में जानकारी ली और यह आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक हर सहायता उपलब्ध कराती रहेगी।