गांधी परिवार पर शाह का तंज, हमने राजतंत्र को हटाया और कुछ लोग अब भी इस पर अड़े हैं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 13, 2019

गोधरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने गांधी परिवार पर मंगलवार को निशाना साधते हुए कहा कि भारत ने राजतंत्र को खारिज कर लोकतंत्र को अपनाया लेकिन “कुछ लोग” अब भी इसमें यकीन रखते हैं। पंचमहल जिले के गोधरा नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस में प्रधानमंत्री की सीट ‘‘जन्मजात आरक्षित’’ है। उन्होंने पूछा कि क्या इस पार्टी का कोई कार्यकर्ता कभी शीर्ष पद पाने की सोच सकता है। गांधी परिवार का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, “एक राजतंत्र में राजा के बेटे या बेटी को गद्दी मिलती है। यहां तक कि उसका दामाद भी राजा बन सकता है। भले ही हमारे देश ने राजतंत्र को छोड़ लोकतंत्र को अपनाया पर कुछ लोग अब भी इसमें यकीन रखते हैं। उन्होंने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है।” 

यह भी पढ़ें: मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़ी है जनता, विपक्ष से PM पद का उम्मीदवार कौन?

भाजपा कार्यकर्ताओं के ‘क्लस्टर सम्मेलन’ में शाह ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाड्रा को राम मंदिर विवाद पर अपना रुख साफ करना चाहिए। भाजपा प्रमुख ने कहा, “मैं साफ कर देना चाहता हूं कि भाजपा जल्द से जल्द और उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि कांग्रेस कपिल सिब्बल एवं अभिषेक मनु सिंघवी जैसे अपने आदमियों को उच्चतम न्यायालय में सुनवाई को टालने के लिए भेजती है।” उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत हमारी सरकार ने यथास्थिति को हटाने और अयोध्या में 42 एकड़ जमीन वापस पाने के लिए अदालत का रुख भी किया। हम पहले ही कह चुके हैं कि अयोध्या में मंदिर का निर्माण होना ही चाहिए। अब, राहुल बाबा और प्रियंका गांधी को अपना पक्ष साफ करना चाहिए और हमें बताना चाहिए कि वह इस पर सहमत हैं या नहीं।”  राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) विवाद पर शाह ने कहा कि भाजपा भारत को अवैध आव्रजकों से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि वे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। 

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह