By अंकित सिंह | Dec 31, 2021
गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आने वाले चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आज एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि इस भूमि ने वर्षों तक प्रभु श्रीरामलला के जन्मस्थान के लिए संघर्ष किया है। यहां अनेक बार विनाश भी हुआ, निर्माण भी हुआ। मगर हर बार विनाश पर निर्माण ने विजय प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि श्रीराम के भव्य मंदिर को बनने से रोकने के लिए कांग्रेस, सपा और बसपा ने अपने शासन में ढेर सारे प्रयत्न किए। आप सभी को याद होगा, इन लोगों ने कारसेवकों पर गोली चलाई थी। राम सेवकों पर डंडे बरसाए थें, रामसेवकों को मारकर सरयूं नदी में बहा दिया गया था।
पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि ये बुआ बबुआ और कांग्रेस पार्टी कभी यूपी का विकास नहीं कर सकती। सपा के शासन में यहां पूरे प्रदेश में गुंडों और माफिया का बोलबाला था। हमारे लोगों को पलायन पर मजबूर कर दिया जाता था। उन्होंने कहा कि योगी जी की सरकार आने के बाद पलायन करवाने वाले, खुद भाग रहे हैं। पहले माफियाओं से पुलिस डरती थी, जबकि आज माफिया पुलिस के सामने सरेंडर कर रहा है।