अमरिंदर ने किसानों से पंजाब की जगह दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन करने का आग्रह किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 14, 2021

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को किसानों से आग्रह किया कि वे केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब के बजाय दिल्ली की सीमाओं या हरियाणा में धरना-प्रदर्शन करें।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं किसान भाइयों से कहना चाहता हूं कि यह आपका पंजाब है, आपके गांव हैं, आपके लोग हैं। आप दिल्ली (सीमा) पर जो करना चाहते हैं, वह करें, उनपर (केंद्र)दबाव बनाएं और उन्हें सहमत करें।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘क्या आप जानते हैं कि पंजाब में भी 113 जगहों पर किसान बैठे हैं? इससे क्या लाभ होगा? पंजाब को आर्थिक नुकसान होगा। वे (अन्य किसान) इसे दिल्ली (सीमाओं)और हरियाणा में कर रहे हैं। आप भी इसे वहीं करें।

सिंह ने उम्मीद जताई कि किसान उनका अनुरोध स्वीकार करेंगे। मुखलियाना गांव में 13.44 करोड़ रुपये की लागत वाले सरकारी कॉलेज की आधारशिला रखने के बाद होशियारपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को विकास की जरूरत है। सिंह ने केंद्र से तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने शुरू में कृषि अध्यादेशों का समर्थन करने और बाद में किसानों के आक्रोश का सामना करने के बाद इस मुद्दे पर यू-टर्न लेने के लिए बादल परिवार की निंदा की। किसानों से पंजाब के मुख्यमंत्री की इस अपील पर प्रतिक्रिया देते हुये हरियाणा सरकार के गृह मंत्री ने अनिल विज कहा कि यह ‘‘गैरजिम्मेदाराना’’ बयान है।

उन्होंनेसिंह पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाया। विज ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा है कि आप जो भी करना चाहते हैं वह हरियाणा अथवा दिल्ली की सीमाओं पर करें न कि पंजाब में। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का यह बयान बेहद गैरजिम्मेदाराना है।’’ उन्होंने कहा कि इससे यह साबित हो गया है कि अमरिंदर सिंह ने किसानों को भड़काने का काम किया है।

प्रमुख खबरें

Jamshedpur में सड़क हादसे में मंत्री Deepika Pandey Singh की बेटी समेत 4 की मौत

Asian Games 2026: 25 सितंबर को ट्रैक, कोर्ट और रिंग में उतरेगा भारत, देखें पूरा शेड्यूल

Bihar Govt ने बोर्ड व आयोगों के अध्यक्षों का वेतन बढ़ाकर 65000 रुपये किया

Federal Judge के आदेश के बाद White House में CNN और MS Now पत्रकारों की वापसी