By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 25 नवंबर ऑस्कर में भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुनी गई मराठी फिल्म ‘गोंधल’ के निर्देशक संतोष डावखर ने कहा है कि उनकी टीम भारतीय दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए अच्छी-खासी धनराशि खर्च करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑस्कर अभियान चला रही है। इस मनोवैज्ञानिक रोमांचक फिल्म को 99वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। डावखर ने कहा कि वह फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर चिंतित नहीं हैं क्योंकि टीम का ध्यान अभी पूरी तरह से ऑस्कर अभियान पर केंद्रित है।
निर्देशक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘मैंने अंतरराष्ट्रीय श्रेणी के लिए फिल्म बनाई है और भारत ने हमें इस श्रेणी में चुना है। इसलिए हमें जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, हम उन्हें पूरा करने पर ध्यान दे रहे हैं।’’ ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स एंड साइंसेज’ ने मंगलवार को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में प्रतिस्पर्धा करने के योग्य 104 फिल्मों की सूची प्रकाशित की। सूची में ‘गोंधल’ और नगालैंड की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘अंग’ दोनों फिल्में शामिल थीं।
‘गोंधल’ को भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में भेजा गया है जबकि ‘अंग’ ने टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में ‘प्लेटफॉर्म पुरस्कार’ जीतने के बाद इस श्रेणी में जगह बनाई। इस श्रेणी में नामांकन पाने वाली भारत की आखिरी फिल्म 2001 में आई आमिर खान अभिनीत ‘लगान’ थी। यह पूछे जाने पर कि क्या ‘गोंधल’ भारत को ऑस्कर नामांकन के करीब पहुंचा सकती है, डावखर ने कहा कि उनकी टीम इस बात से अवगत है कि उस पर कितनी उम्मीदों का बोझ है।
उन्होंने कहा, ‘‘हर भारतीय को हमारी टीम से बहुत उम्मीदें हैं और हमें उन उम्मीदों पर खरा उतरना होगा इसीलिए हम अच्छे बजट और बेहतरीन टीम वर्क के साथ काम कर रहे हैं।’’ डावखर ने बताया कि फिल्म के भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुने जाने के बाद उनकी टीम ने करीब एक महीने तक अकादमी की चयन प्रक्रिया का अध्ययन किया। उन्होंने समझाया, यह चुनाव लड़ने जैसा है, आपको मतदाताओं तक पहुंचना होता है और अगर आपका उत्पाद अच्छा है तो वह निश्चित रूप से मतदाताओं तक पहुंच जाएगा।’’ डावखर ने कहा, ‘‘हम हर स्तर पर अच्छे बजट के साथ फिल्म का प्रचार कर रहे हैं। हमने लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क, ब्रिटेन और यूरोप सहित हर जगह एक अच्छी टीम तैनात की है।’’ अभिनेता निषाद भोइर ने कहा कि ऑस्कर की घोषणा ने दर्शकों के बीच काफी उत्साह पैदा किया है।
कई लोगों ने टीम से संपर्क करके पूछा है कि वे फिल्म कहां देख सकते हैं और यह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कब रिलीज होगी। अभिनेता योगेश ने पुणे में फिल्म के सशुल्क ‘प्रिव्यू’ के दौरान मिली दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया को याद किया। उन्होंने बताया कि करीब 450 दर्शकों की क्षमता वाले एक सिनेमाघर में कथित तौर पर 650 दर्शक पहुंच गए थे।
फिल्म को विदेशों में भी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। लंदन और मैनचेस्टर में ब्रिटिश उच्चायोग द्वारा आयोजित ‘स्क्रीनिंग’ में शामिल हुए योगेश ने बताया कि मराठी भाषी और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के दर्शकों ने फिल्म का आनंद लिया। फिल्म की ‘स्क्रीनिंग’ के लिए कनाडा गईं अभिनेत्री इशिता देशमुख ने कहा कि इस अनुभव से पता चला कि अंतरराष्ट्रीय दर्शक मुख्यधारा की हिंदी फिल्मों से इतर भारतीय सिनेमा को किस नजरिये से देखते हैं।
फिल्म की टीम को उम्मीद है कि ‘गोंधल’ मराठी सिनेमा का दायरा बढ़ाने में मदद करेगी। डावखर ने चैतन्य ताम्हणे की फिल्म ‘कोर्ट’ का जिक्र किया, जिसे 88वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया था। उन्होंने कहा कि ‘गोंधल’ बनाने की प्रेरणा उन्हें इसी फिल्म से मिली।
भोइर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह फिल्म अखिल भारतीय सिनेमा की अवधारणा का दायरा बढ़ाएगी, जिसे अब तक मुख्य रूप से तेलुगु, तमिल और मलयालम फिल्मों से जोड़कर देखा जाता रहा है। ‘गोंधल’ वर्तमान में सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।