पायलट खेमे के एक और विधायक ने बदला स्वर, बोले- सियासत की दूसरी लहर धीरे- धीरे ठंडी पड़ जाएगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 15, 2021

जयपुर। राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच सरदारशहर से वरिष्ठ कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व में आस्था जताई और कहा कि राज्य में सियासत की दूसरी लहर धीरे- धीरे ठंडी पड़ जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गहलोत मुख्यमंत्री होने के नाते वरिष्ठ नेता हैं और पायलट सहित सभी को उनको नेता मानना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि लगभग एक साल पहले गहलोत के नेतृत्व के खिलाफ बगावती रुख अपनाने वाले 19 विधायकों में शर्मा भी थे। 

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पायलट खेमे के विधायक इंद्राज गुर्जर औ पी आर मीणा भी विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री गहलोत की प्रशंसा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री गहलोत की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना के जो हालात हैं मुख्यमंत्री ने अच्छे से नियंत्रण किया। मेरी समझ में कोरोना का मुकाबला करने में राजस्थान नंबर वन है। सभी के लिए नि:शुल्क टीकाकरण की घोषणा करवाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने संघर्ष किया व इसका श्रेय उनको जाता है।’’ उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसी सत्ता संघर्ष में न पड़कर एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करना चाहिए ताकि राज्य में फिर कांग्रेस आए। 

इसे भी पढ़ें: मैं भी सीएम बनना चाहता था लेकिन कभी-कभी इच्छाओं को दबाना पड़ता है: भंवर लाल शर्मा 

पायलट के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘पायलट का मैं सम्मान करता हूं। वह युवा नेता हैं और उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि मुझे यह बनाओ, वह बनाओ। उन्होंने अपने साथ के लोगों की जरूर पैरवी की। मेरी समझ में कुछ छोटे लोग बड़े पदों पर आ गए जिससे पार्टी को नुकसान होने जा रहा है।’’ हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि उनकी पायलट व गहलोत सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात हो रही है। इसके साथ ही शर्मा ने विधायकों के फोन टैप होने की कथित अटकलों को खारिज कर दिया। उल्लेखनीय हे कि पिछले साल राजनीति उठापटक के दौरान कथित आडियो टेप में नाम आने के बाद कांग्रेस ने शर्मा को कुछ दिन के लिए पार्टी से निलंबित भी किया था। उन्होंने कहा कि कमेटियां व जांच आयोग तो मामले को ठंडे बस्ते में डालने के लिए बनाए जाते हैं। फिलहाल कुछ होने वाला नहीं है।

प्रमुख खबरें

Crude Oil में गिरावट के बीच Sensex 1385 अंक उछला, Nifty पहुंचा 24344 के पार

Delhi में लगातार चौथे दिन हवा बहुत खराब, AQI 368 और PM2.5 बना मुख्य प्रदूषक

परविंदर झोटा की पत्नी को ₹2 करोड़ और सरकारी नौकरी, Joint Action Committee का धरना खत्म

BCCI ने घोषित किया WPL 2027 शेड्यूल, मुंबई के CCI मैदान पर होगा फाइनल मुकाबला