देश में एक करोड़ से अधिक किशोरों को कोविड-19 रोधी टीके की दी गई खुराक: सरकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 05, 2022

नयी दिल्ली। देश में तीन जनवरी से 15-18 साल के उम्र समूह के लिए टीकाकरण की शुरुआत के बाद से एक करोड़ से अधिक किशोरों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक अब तक 1,24,02,515 किशोरों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है। सभी उम्र समूहों को मिलाकर देश में अब तक 148.58 करोड़ से अधिक (1,48,58,19,491) खुराक दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि बुधवार को शाम सात बजे तक 82,26,211 खुराक दी गई। इनमें 15-18 उम्र समूह के किशोरों को दी गई 37,44,635 खुराक भी शामिल हैं। रात में अंतिम रिपोर्ट मिलने के साथ टीकाकरण की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर किशोरों में टीकाकरण के प्रति उत्साह की प्रशंसा की और उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। मंत्री ने सभी पात्र किशोरों से भी जल्द से जल्द टीकाकरण कराने की अपील की। देश में पिछले साल 16 जनवरी से कोविड-19 रोधी टीकाकरण की शुरुआत हुई थी। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण हुआ और दो फरवरी 2021 से अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को खुराक देने की शुरुआत की गई। बाद के चरण में अलग-अलग उम्र समूह के लिए टीकाकरण अभियान आरंभ किया गया।

प्रमुख खबरें

लॉन्च होने जा रही Bajaj Pulsar NS400, जानें क्या होगा खास और कितनी है कीमत

झारखंड कांग्रेस का X अकाउंट क्यों कर दिया गया सस्पेंड? जानें कौन सा फेक वीडियो पोस्ट करने पर गिरी गाज

कांग्रेस नेता Vikramaditya Singh ने भाजपा की Kangana Ranaut को खुली बहस की चुनौती दी

केंद्र के नियंत्रण में नहीं है CBI, पश्चिम बंगाल मामले में सुप्रीम कोर्ट में मोदी सरकार ने जानें क्या कहा?